• Sat. Nov 7th, 2026

रोजगार ने जीवन को दिशा दे दी है, मगर संतुष्ट न हों, और बेहतर के लिए प्रयत्न करते रहें : केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. बघेल, रोजगार मेले में 8 विभागों के 115 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए

BySurendra Jain

Jun 13, 2023

खबर पक्की, 13 जून, रतलाम। केंद्र सरकार राष्ट्रीय निर्माण के लिए युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग करने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा केंद्रीय सरकारी विभागों में 10 लाख कर्मियों के भर्ती अभियान को रोजगार मेले के रूप में आयोजित किया जा रहा है। आज इस कड़ी में छठा रोजगार मेले का आयोजन हो रहा है। देश के 43 शहरों में रतलाम भी शामिल है, यह सुखद है। युवा रोजगार से जुड़कर अपनी राह अवश्य बनाएं मगर संतुष्ट न हों और भी बेहतर करने के लिए प्रयत्नशील रहें। आगे कई सारे अवसर उनका इंतज़ार कर रहे हैं।
उक्त विचार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने रतलाम में आयोजित रोजगार मेला में नवनियुक्त हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमेशा सीखने की ललक रखें। समाज को कुछ देने की चाहत रखें। प्रधानमंत्री जी ने आपकी योग्यता को सामने लाने और आपके जीवन को नई दिशा देने का जो प्रयत्न किया है उसके लिए अपने आप को महत्वपूर्ण समझते हुए अपनी भूमिका को निभाएं। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार से जोडऩे का कार्य हो रहा है। सरकारी विभागों में समयबद्ध तरीके से युवाओं को नौकरी प्रदान की जा रही है।
सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र युवाओं के जीवन को नई दिशा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं की योग्यता को आगे बढ़ाने और उसे निखारने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ लेकर आगे बढऩा चाहिए।
विधायक रतलाम शहर चेतन्य काश्यप ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच और उनकी ऊर्जा को सामने लाना, उनके सकारात्मक पहलुओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार से जोडऩा यह किसी भी देश के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को रोजगार प्रदान करने में जो समयबद्ध योजना बनाई है उससे केंद्रीय सेवाओं से अधिक से अधिक युवा रोजगार पा रहे हैं । उन्होंने कहा कि युवाओं में असीम क्षमता होती है। वे अपनी योग्यता का उचित उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, राजेंद्र सिंह लुनेरा, वित्तीय सेवा विभाग के अधिकारी सुभाषचंद्र अमीन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया केंद्रीय कार्यालय मुंबई के महाप्रबंधक राजेश कुमार भी मंचासीन थे। प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत महाप्रबंधक राजेश कुमार, क्षेत्र प्रमुख मनोज सिन्हा, मुख्य प्रबंधक प्रकाश झा, अग्रणी जिला प्रबंधक दिलीप सेठिया, सहायक प्रबंधक श्रीमती मानसी वाघ ने किया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।
युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं उपस्थित अतिथियों ने समारोह में उपस्थित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। भारतीय रेल सेवा, भारतीय पोस्ट ऑफिस, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के लिए नियुक्त युवाओं को अतिथियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर केंद्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्यजन उपस्थित थे।

error: Content is protected !!