खबर पक्की, 13 जून, रतलाम। विकसित एवं सुरक्षित समाज का निर्माण महिलाओं एवं पुरुषों की समान सहभागिता से ही किया जा सकता है। इस अवधारणा को लेकर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 12 जून से 19 जून तक महिला सुरक्षा को ध्यान में रखकर विशेषकर पुरुषो को जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान अभिमन्यु संचालित किया जाना है। जिला रतलाम में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा श्री सुनील गुप्ता के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान अभिमन्यु के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समाज में लडको एवं पुरूषो को न केवल महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है बल्कि उन्हें संवेदनशील बनाया जाकर पूर्वाग्रहमुक्त सकारात्मक व्यवहार विकसित करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखकर विशेष कर लड़कों एवं पुरूषों को जागरूक किया जा रहा है।
जागरूकता अभियान अभिमन्यु के अंतर्गत जिले के प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट लगाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 13 जून को उप पुलिस अधीक्षक सुनील गुप्ता, निरीक्षक महिला सुरक्षा शाखा मधु राठौर, निरीक्षक नीलम चौगड़, प्रधान आरक्षक सरफुद्दीन रिजवी व आरक्षक भगवान सिंह द्वारा महू नीमच बस स्टैंड पर यात्रियों को महिला संबधी अपराधो,नशा, दहेज, रूढि़वादिता, अश्लीलता, असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, लिंगभेद, आदि बिंदुओं पर यात्रियों को जागरूक किया।

