• Sat. Nov 7th, 2026

लाड़ली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि बढ़कर होगी क्रमश: 3000 रूपए : मुख्यमंत्री श्री चौहान, अब 21 साल की बेटी को भी लाडली बहना योजना का लाभ दिया जाएगा, मध्यप्रदेश में नारी सशक्तिकरण की एक नई शुरुआत, 10 जून जिले की लाडली बहनों के जीवन में स्वर्णिम दिन बनकर आया, मुख्यमंत्री ने रतलाम जिले की 2 लाख 38 हजार से अधिक बहनों के खातों में 1-1 हजार रुपए की राशि अंतरित की।

BySurendra Jain

Jun 10, 2023

खबर पक्की, 10 जून, रतलाम। शनिवार 10 जून का दिन प्रदेश के साथ-साथ रतलाम जिले की लाडली बहनों के जीवन में भी स्वर्णिम दिन बनकर आया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के बहनों के साथ-साथ रतलाम जिले की भी 2 लाख 38 हजार से अधिक लाडली बहनों के बैंक खातों में 1-1 हजार रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जबलपुर से सम्बोधन में कहा कि म.प्र. की बहनों की खुशहाली के लिए आज बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए की राशि अंतरित की जा रही है। आगे चलकर इस राशि को तीन हजार रुपए तक बढा दिया जाएगा। पहले 23 वर्ष की आयु वर्ग से महिलाओं को इस योजना का लाभ दिए जाने की पात्रता थी, अब इस योजना में 21 वर्ष की बेटी को भी लाभ दिया जाएगा। मध्यप्रदेश में नारी सशक्तिकरण की एक नई शुरुआत हुई है।
इस अवसर पर रतलाम जिले की बहनों ने जगह-जगह नृत्य, गायन, लोकगीत, के माध्यम से उनके जीवन में व्यापक बदलाव लाने वाली मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर लाडली बहनों का उत्साह देखते ही बनता था। जिले के नगर-नगर, गांव-गांव बहनों द्वारा सुन्दर रंगोलियां बनाई गई, वन्दनवार सजाए गए। लाडली बहनों ने खुशी के साथ अपने मुख्यमंत्री भैया श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश के जबलपुर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से दिए गए उद्बोधन को सुना और हर्ष प्रकट किया। अपने बैंक खाते में एक हजार रुपए आने की खुशी में लाडली बहनों ने अपने घर पर दीप जलाए, मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रमों में आने वाली लाडली बहनें अपने हाथों में धन्यवाद भैया का पोस्टर लिए बैठी थी।
विधायक काश्यप बोले मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिला सशक्तिकरण में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ योजना
रतलाम शहर में अलकापुरी स्थित कम्युनिटी हाल में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर बोलते हुए शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना सिर्फ म.प्र. ही नहीं बल्कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ योजना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान इस एक हजार रुपए की योजना को आगे चलकर तीन हजार रुपए तक दिए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जो कहा है वो करा है, वे एक संवेदनशील मुख्यमंत्री हैं। उन्होने चरणबद्ध तरीके से योजना बनाई है। इस अवसर पर महापौर श्री प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा तथा पार्षदगण एवं बडी संख्या में लाडली बहनें उपस्थित रही।
योजना लागू होने की खुशी में विधायक मकवाना बिरमावल में नृत्य में सम्मिलित हुए
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना लागू होने के अवसर पर जिले के बिरमावल में भी एक वृहद कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें उपस्थित ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने खुशी में नृत्य किया एवं लाडली बहनों को बधाई दी। जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल भी खुशी के इन पलों में सम्मिलित हुई। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, एसडीएम श्री त्रिलोचन गौड भी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत बांगरोद में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा सिंगल क्लिक द्वारा लाड़ली बहनों के खाते में 1000 रुपए की राशि अंतरित की गई जिसमें लाडली बहनों द्वारा मिठाई से मुंह मीठा किया, जिसका लाइव प्रसारण बांगरोद स्कूल भवन पर दिखाया गया। कार्यक्रम में आशीष धाकड़, पीरुलाल मालवीय, सोनू समोत्रा, देवेंद्रसिंह शेखावत, सरपंच राकेश कुमार व्यास, उपसरपंच मनोहर मदारिया, पंच विजय डाबी, धर्मेंद्र ठाकुर, परमानंद धाकड़, बालाराम पाटीदार, सचिव श्री संतोष पाटीदार, रोजगार सहायक राकेश पटेल एवं पात्र लाडली बहने एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लाडली बहना योजना सबसे आदर्श योजना
लाडली बहना योजना लागू करके पूरी दुनिया में म.प्र. ने एक नई पहचान बनाई है, महिलाओं के लिए एक ऐसी योजना है जो परिवार व समाज को उन्नति के रास्ते पर ले जाएगी। लाडली बहना योजना सबसे आदर्श योजना है। यह बात विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने जावरा नगर वार्ड 1 में आयोजित लाडली बहना योजना में राशि प्रदाय कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में भोपाल के पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, श्री महेश सोनी, श्री राजेश शर्मा, पार्षद श्रीमती सोनू चन्द्रप्रकाश सोलंकी, श्रीमती सुमन मेहता, श्री नंदकिशोर महावर, श्री अभय कोठारी, श्री घनश्याम सोलंकी, एसडीएम श्री हिमांशु प्रजापति, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया उपस्थित रही।
डॉ. पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो कहा वो वादा निभाया। यह योजना समाज मे उन्नति के लिए परिवर्तनकारी कदम है। इस अवसर पर दीप जलाकर, आतिशबाजी कर उत्सव मनाया गया। भारी उत्साह के बीच ढोल की थाप पर विधायक डॉ. पांडेय ने नृत्य के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। उपस्थित महिलाओं ने डॉ. पांडेय व श्री शर्मा को राखी बांधी।
1000 रूपए का संदेश पाकर खुशी से झूम उठी लाडली बहनाएं
10 जून शनिवार को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी बहनों के बैंक खातों में 1000 रूपए की राशि अंतरित की। जैसे ही लाडली बहनों के मोबाइल पर मैसेज आया लाडली बहने खुशी से झूम उठी। लाड़ली बहना योजना की 1000 रूपये की राशि आने का मेसेज मेरे मोबाइल पर आ गया है। मैं बहुत खुश हूं। यह बात रतलाम शहर के नयागांव क्षेत्र की निवासी ललिता पांचाल ने खुशी से फूली न समाते हुए मोबाइल पर मेसेज बताते हुए कहा कि वास्तव में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भाई होने का फर्ज निभा दिया है। उन्होंने घोषणा ही नहीं की 1000 रूपये खाते में पहुंचा भी दिए हैं। इस राशि का मैं बहुत सदुपयोग करूंगी। बच्चों के पौषण आहार से लेकर परिवार की छोटी छोटी जरूरतों की पूर्ति करूंगी। यह राशि मेरे लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। मैं हार्दिक रूप से मुख्यमंत्री मेरे भैया श्री शिवराज सिंह चौहान को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहती हूं। लाड़ली बहना योजना से मेरे जैसी मध्यम वर्गीय परिवार की महिलाओं के जीवन में बहुत बदलाव आएगा। एक-एक हजार रूपये करके वर्ष भर में जो 12000 रुपये होंगे उससे हमारी अनेक जरूरतों की पूर्ति आसानी से हो जाएगी।

error: Content is protected !!