• Sat. Nov 7th, 2026

बाइक और मोपेड की जोरदार भिड़ंत, एक की मौत

BySurendra Jain

May 28, 2023

खबर पक्की, 28 मई, रतलाम। जिले के सैलाना स्थित बोदिना रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम पर पत्नी को छोड़कर मोपेड में पेट्रोल भरवाने जा रहे वृद्ध को बाइक ने टक्कर मार दी। इससे 60 वर्षीय नंदराम गणावा निवासी ग्राम मचून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार 22 वर्षीय महेश पुत्र लक्ष्मण झडग़ामा निवासी ग्राम खोखरा मामूली रूप से घायल हो गया। जब लोग युवक को सड़क से उठाने लगे तो उसने दो लोगों को दांतों से काट लिया। बताया जाता है कि उसे बचपन में श्वान ने काट लिया था। हो सकता है कि उसे रैबीज के लक्षण हों, जिसके कारण उसने लोगों को काटा हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नंदराम गणावा रविवार सुबह करीब दस बजे सैलाना थाना क्षेत्र के बोदिना रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वे पत्नी को आश्रम छोड़कर मोपेड में पेट्रोल भरवाने के लिए कुछ दूर स्थित पंप पर जा रहे थे। तभी रास्ते रास्ते में सैलाना की तरफ से बाइक पर तेज गति से जा रहे महेश झडग़ामा की बाइक से मोपेड की भिड़ंत हो गई। इससे नंदराम की मौत हो गई। बाइक सवार महेश को भी चोट आई।
पास स्थित पाइप फैक्ट्री (पटेल पाइप) के संचालक घनश्याम पटेल व गमेशा विंड पावर कंपनी में कार्यरत अमरसिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर पड़े महेश को उठाकर एक तरफ बैठाने का प्रयास किया तो उसने घनश्याम पटेल व अमरसिंह चौहान को दांतों से काट लिया। इसके बाद लोग उसे पकड़कर थाने ले गए तो वहां भी बिफर गया। उसने आरक्षक फकीरचंद्र से झूमाझटकी कर काटने की कोशिश की। आरक्षक जैसे-तैसे उससे बचे तो उन्हें हाथ में रगड़ आ गई।
थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि कुछ देर बाद महेश के स्वजन थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि महेश जब आठ वर्ष का था तब उसे श्वान ने काट लिया था। वह कभी-कभी गुस्सा हो जाता है। इससे माना जा रहा है कि उसमें रैबीज के लक्षण हो रहे हैं। उसे उसके स्वजन को सौंपकर इलाज कराने की सलाह दी गई है। स्वजन उसे अस्पताल ले गए।

error: Content is protected !!