• Sat. Nov 7th, 2026

नगरा निवासी होटल के रूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला प्रेमी

BySurendra Jain

May 8, 2023

खबर पक्की, 8 मई, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के महू रोड फव्वारा चौक के पास स्थित पारस होटल के रूम नंबर 203 में एक युवक (प्रेमी) फांसी के फंदे पर लटका मिला तो युवती (प्रेमिका) बेहोश अवस्था में मिली। युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी और दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे। उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, यह पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय दीपक पुत्र राजाराम प्रजापत निवासी ग्राम नगरा रविवार शाम को प्रेमिका से मिलने का कहकर घर से निकला था। स्वजन ने उसे रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं रुका। बाद में वह रतलाम आया और प्रेमिका के साथ होटल में ठहर गया था। रात दस बजे दीपक के भाई की वीडियो कालिंग पर बात हुई थी। उसने प्रेमिका को भी वीडियो कांलिग में बताया था। इस पर स्वजन ने माना कि वह ठीक है अपनी प्रेमिका के साथ है।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे भाई ने दीपक को फोन किया तो उसका फोन बंद था। इसके बाद किसी अनहोनी की शंका में स्वजन उसे तलाश करने निकले। दोपहर करीब एक बजे दीपक की बाइक होटल के बाहर खड़ी दिखी। उसका भाई दिनेश व धर्मेंद्र तथा चचेरा भाई विनोद आदि होटल में पहुंचे और रूम नंबर 203 में गए तो वहां बाथरूम के वेल्टीलेशन से बंधी रस्सी के फंदे पर दीपक लटका हुआ था, वहां युवती कमरे में अचेत पड़ी थी।
कुछ देर बाद एफएसएल अधिकारी डा. अतुल मित्तल, आइपीएस मयूर खंडेलवाल, एएसआइ हीरालाल चंदन आदि होटल पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। वहीं युवती को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पुर कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवती व युवक ने यह कदम क्यों उठाया, यह भी पता नहीं चला है। जांच की जा रही है।
बड़े भाई धर्मेंद्र प्रजापत व चचेरे भाई विनोद ने बताया कि कुछ समय से दीपक की एक युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों की बातचीत चल रहा था। पहले ही एक-दो बार विनोद युवती से मिलने रतलाम आया था। रविवार शाम सात बजे भी दीपक ने कहा था कि वह युवती से मिलने जा रहा है। उसे मना किया था, लेकिन वह विवाद करने लगा। तैयार होकर वह घर से निकला। पीछा किया तो उसने कहा कि वह दीदी के घर जा रहा है। कुछ देर बाद दीदी के घर गए तो वह वहां नहीं पहुंचा था। कुछ समय बाद वीडियो कालिंग कर दीपक ने बताया कि वह कमरे में युवती के साथ। सोमवार सुबह से उसे तलाश रहे थे।

error: Content is protected !!