खबर पक्की, 7 मई, रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लागू किए गए पेसा एक्ट के कारण रतलाम जिले की आदिवासी विकासखंडों बाजना तथा सैलाना में ग्राम सभा सशक्त बन गई है। पेसा एक्ट प्रावधान अनुसार बाजना तथा सैलाना के 336 ग्रामों में शांति एवं विवाद निवारण समितियों का गठन किया गया है। पेसा एक्ट के तहत उक्त समितियों को उनके क्षेत्रों में पुलिस थाने में की गई एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराना अनिवार्य है। अब तक पुलिस थानों द्वारा समितियों को 502 एफआईआर कॉपियां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्रीमती पारुल जैन ने बताया कि पुलिस थाना बाजना से 114 एफआईआर कॉपियां शांति एवं विवाद निवारण समिति को भेजी गई है। इसी प्रकार पुलिस थाना सैलाना द्वारा 80, पुलिस थाना रावटी द्वारा 124, पुलिस थाना सरवन द्वारा 184 एफआईआर कॉपियां संबंधित शांति एवं विवाद निवारण समितियों को प्रेषित की जा चुकी है।
