• Sat. Nov 7th, 2026

तीन मेडल प्राप्त कर कृतिका ने किया महाविद्यालय को गौरवान्वित

BySurendra Jain

Apr 2, 2023

खबर पक्की, 2 अप्रैल, रतलाम। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय की गणित विभाग की छात्रा कृतिका करंदीकर ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन की 2022 की गणित की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडिकल, विज्ञान संकाय की परीक्षा में विक्रम वि.वि. की मेरिट लिस्ट मे प्रथम स्थान प्राप्त करने पर युधिष्ठिर भार्गव गोल्ड मेडल तथा एम.एससी गणित 2022 की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर वराह मिहिर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।
महाविद्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित कर विक्रम विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. वाय.के. मिश्र ने बताया कि छात्रा कृतिका ने तीन मेडल प्राप्त कर न केवल महाविद्यालय का गौरव बढाया है, बल्कि रतलाम नगर का मान भी बढाया है। श्री मिश्र ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि इस वर्ष महाविद्यालय के 8 विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया जो महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
श्री मिश्र ने कहा कि इस वर्ष वनस्पति विभाग की सुश्री तृप्ति शर्मा, भौतिक शास्त्र की श्रुति शुक्ला तथा राधिका अग्रवाल, माइक्रो बायोलाजी की सीमा मेहरा एवं ऐश्वर्या जैन तथा सांख्यिकी की सुश्री आयुषी गादिया एवं अनिमेष जैन ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन को बताया।
इस सफलता के लिए महाविव्यालय परिवार ने मेडल प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। सम्मान समारोह का संचालन डा. रियाज अहमद मंसूरी ने किया एवं आभार डा. माया रानी देवडा ने माना। इस अवसर पर प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!