खबर पक्की, 21 मार्च, रतलाम। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन के ऊपर अतिरिक्त कक्ष एवं लायब्रेरी निर्माण के लिए 6 करोड़ 48 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति हो गई है। उक्त स्वीकृति के लिए उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव से रतलाम में भवन के लोकार्पण के दौरान मांग की गई, जिस पर उन्होंने तत्काल कार्यवाही करते हुए उक्त राशि शासन से स्वीकृत करवाई है। विधायक चेतन्य काश्यप ने महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी की उपस्थिति में प्राचार्य वाय.के. मिश्रा को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इस दौरान जिला भाजपा महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, मण्डल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, एमआईसी सदस्य अक्षय संघवी, खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनुज शर्मा एंव निलेश पटेल मौजूद रहे।
विधायक श्री काश्यप ने बताया कि उक्त राशि से महाविद्यालय परिसर में बने नए भवन के प्रथम तल पर 10 कक्ष एवं द्वितीय तल पर अत्याधुनिक लायब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव 30 नवम्बर, 2022 को रतलाम में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, उस दौरान जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी एवं प्राचार्य वाय.के. मिश्रा द्वारा अतिरिक्त कक्षों व लायब्रेरी निर्माण के लिए स्वीकृति देने की मांग की गई थी।
विधायक श्री काश्यप ने प्राचार्य श्री मिश्रा से अलग-अलग स्थानों पर कक्ष निर्माण के बजाय महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन पर मल्टीस्टोरी निर्माण के संबंध में प्रस्ताव बनाने को कहा था। कॉलेज प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, जिसे उच्च शिक्षा मंत्री श्री यादव ने स्वीकृत किया है। इससे महाविद्यालय में और सुविधाओं का विस्तार होगा। लायब्रेरी का वर्तमान भवन काफी जर्जर हो चुका है। अतिरिक्त कक्ष निर्मित होने पर महाविद्यालय द्वारा नए कोर्स आरंभ किए जा सकेगे।
बहनों के पंजीयन में नहीं होना चाहिए कोई परेशानी
प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण लाड़ली बहना योजना को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने शहर में नगर निगम द्वारा अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। श्री काश्यप ने इस मौके पर कहा कि लाडली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की एक अति महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य मात्र शक्ति को स्वावलंबि बनाना है। इसके क्रियांव्यन में किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाए।
श्री काश्यप ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ योजना के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि बहनों के पंजीयन में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होना चाहिए। पंजीयन के लिए 25 मार्च से प्रत्येक वार्ड में शिविर भी आयोजित किए जा रहे है। विधायक श्री काश्यप द्वारा ली गई बैठक में नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, सिटी इंजीनियर सुरेश व्यास, उपयंत्री श्याम सोनी एवं हेमंत राहोरी उपस्थित रहे। श्री काश्यप ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड वार शुरू होने वाली पंजीयन प्रक्रिया को लेकर कार्य योजना तैयार की जाए। शिविर में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि बिना किसी परेशानी के अधिक से अधिक बहनों को योजना से जोड़कर उन्हे लाभांवित किया जाए।

