खबर पक्की, 2 मार्च, रतलाम। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग के अध्यक्ष जस्टिस श्री नरेंद्र कुमार जैन द्वारा गुरुवार को रतलाम सर्किट हाउस पर स्थानीय अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधि व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी भी उपस्थित रहे।
बैठक में आयोग अध्यक्ष द्वारा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए संवैधानिक अधिकारों, मूलभूत अधिकारों की जानकारी देने के साथ ही भारत शासन द्वारा संचालित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने धार्मिक तथा भाषाई अल्पसंख्यकों की जानकारी दी।
श्री जैन ने भारत शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनाओं की जानकारी दी। अल्पसंख्यक समुदायों के लिए संचालित शैक्षणिक छात्रवृत्तियों से अवगत कराया। इस संबंध में बेगम हजरत महल छात्रवृत्ति योजना, पढ़ो परदेस, नई रोशनी नई मंजिल, मेरिट कम मींस, नया सवेरा, मौलाना आजाद नेशनल स्कॉलरशिप योजनाओं की जानकारी दी। उद्यमिता के लिए ऋण उपलब्ध कराने वाली योजनाओं की जानकारी दी। पांडुलिपियों को प्राचीन ग्रंथों को संरक्षित करने के लिए हमारी धरोहर योजना की जानकारी दी। अन्य योजनाओं में विरासत, उस्ताद तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आदि योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बैठक में श्री जैन का पुष्पहारो से स्वागत अभिनंदन किया गया।

