खबर पक्की, 27 जनवरी, रतलाम। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रतलाम आए प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण मंत्री श्री हरदीपसिंह डंग ने महाराजा रतनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्री डंग बसन्त पंचमी रतलाम स्थापना दिवस, गणतंत्र दिवस तथा गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना, राजेन्द्रसिंह लुनेरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई, महापौर प्रहलाद पटेल, आदि ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, प्रवीण सोनी, मंगल लोढा, मनोहर पोरवाल, सांसद प्रतिनिधि राजेन्द्र पाटीदार, कृष्ण कुमार सोनी, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, पार्षद श्रीमती निशा पवन सोमानी, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट आदि उपस्थित थे।
विधायक चेतन्य काश्यप ने अपने उदबोधन में कहा कि रतलाम शहर का स्थापना दिवस अपने आप में अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पुराने समय में अपनी व्यापारिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध रतलाम शहर का गौरव पुन: प्राप्त हो, इसके लिए कार्य किया जा रहा है जिसके फलस्वरुप शहर तरक्की के नए आयामों को स्पर्श कर रहा है। शहर में निर्माणाधीन गोल्ड काम्पलेक्स पूरे देश में अपनी तरह का पृथक से पहचान रखने वाला काम्पलेक्स होगा जहां 400 से 500 दुकानें संचालित की जाएंगी। महलवाडा के उन्नयन सम्बन्धी प्रस्ताव शासन में विचाराधीन है। महलवाडा के द्वार का कार्य चालू है। आर्थिक विकास के साथ-साथ कुपोषण मुक्त रतलाम, झुग्गी मुक्त रतलाम तथा उद्योगयुक्त रतलाम बनाने के लक्ष्य पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
तिरंगा रैली का शुभारम्भ किया
रतलाम आए नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीपसिंह डंग ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर महलवाडा के सामने तिरंगा रैली का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर विधायक श्री चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई, महापौर प्रहलाद पटेल, राजेन्द्रसिंह लुनेरा, मनोहर पोरवाल आदि उपस्थित थे।
कलेक्ट्रेट में तहसीलदार श्रीमती अनीता चोकोटिया द्वारा ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर में तहसीलदार श्रीमती अनीता चोकोटिया ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, एसडीएम संजीव पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन गौड, जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एच. चौधरी, कार्यालय अधीक्षक प्रभाकांत उपाध्याय, स्टेनो श्री इरफान खान, शिवाजी शिंदे, चावड़ा आदि उपस्थित थे।

