• Sat. Nov 7th, 2026

राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह का समापन हुआ, जिला स्तरीय स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा आयोजित की गई

BySurendra Jain

Jan 24, 2023

खबर पक्की, 24 जनवरी, रतलाम। राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह का समापन समारोह तथा जिला स्तरीय स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा का आयोजन मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर प्रहलाद पटेल ने की। विशेष अतिथि के रूप में निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा पालीवाल, महेंद्र सिंह उपस्थित थे।
इस अवसर पर महापौर श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में बालिकाओं को खेलों से संबंधित सभी आवश्यक संसाधनों की पूर्ति करवाने हेतु आश्वस्त किया एवं आयोजन की प्रशंसा की। निगम अध्यक्ष श्रीमती शर्मा ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों के कुपोषण को दूर करने में मदद मिलती है, वही स्वस्थ बच्चा भारत का स्वस्थ्य नागरिक बनेगा। बालिका दिवस समापन समारोह में वर्ष 2022 की कक्षा दसवीं की 5 जिला स्तरीय टॉपर बालिकाओं तथा कक्षा 12वीं की 9 जिला स्तरीय टॉपर बालिकाओं को प्रतिभा सम्मान में सम्मिलित किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह की थीम बालिकाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ाना रही।
इस कड़ी में एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक प्राप्त करने वाली तरन्नुम मंसूरी को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2022 में विभिन्न खेलों में राज्य स्तर पर एथलेटिक्स में कृतज्ञा शर्मा को स्वर्ण पदक, प्रणाली गोस्वामी को हैंडबॉल में कांस्य पदक, लक्ष्मी चौहान को मलखंब में स्वर्ण पदक, रैना शर्मा को खो-खो में स्वर्ण पदक, सलोनी खोईवाल को हाकी में रजत पदक, शालू राठौर को मिक्स मार्शल आर्ट में स्वर्ण पदक, वहीस्ता पटेल को बॉक्सिंग में रजत पदक, सानिया अली को वालीवाल में स्वर्ण पदक, मुस्कान जांगलवा को कराटे में स्वर्ण पदक, भूमिका कल्याण को कुश्ती में स्वर्ण पदक एवं अनुष्का चौहान को वालीवाल में स्वर्ण पदक हेतु सम्मानित किया गया।
शिक्षा विभाग से वर्ष 2022 में कक्षा दसवीं में जिला स्तरीय टॉपर बालिकाओं सेलिना, प्राची पांडे, जान्हवी एवं सखी मेहता को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में जिला स्तरीय पर बालिकाओं अनुजा दीक्षित, कृपा, सानिया बरमेचा, युक्ता पुरोहित, आयुषी उपाध्याय, कुसुम परमार, कीर्ति पुंगलिया एवं नंदिनी राठौर को सम्मानित किया गया।
स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता में शासन के निर्देश अनुसार निर्धारित कुल अंक प्रत्येक- प्रत्येक बच्चा 50 अंक का निर्धारण किया गया था। निर्धारित अंकों के आधार पर चयनित स्वास्थ्य बालक बालिकाओं के तहत श्रियांश, उर्मिला सोनू, कार्तिक प्रीति प्रदीप, नीतू अशोक, आर्या तरुणा उदयवान, लक्षिता रवीना उमेश, आयजन आयशा अशरफ, गीत छाया पवन लालवानी, हेतांश भाविका पवन, शाबान शाइस्ता साबिर, दीक्षिता बबीता अरुण, वैभव दुर्गा मनोज, आशु धर्मराज दुर्गा, तनिष्का रवि संतोष को सम्मानित किया गया। संचालन रजनीश सिन्हा ने किया, आभार सुश्री अंकिता पंड्या ने माना।

error: Content is protected !!