• Sat. Nov 7th, 2026

ठेकेदारों से खनिज रॉयल्टी वसूल नहीं करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर ने चेताया

BySurendra Jain

Jan 16, 2023

खबर पक्की, 16 जनवरी, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा सोमवार को जिले के सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई जिसमें कलेक्टर ने उन सभी अधिकारियों को चेतावनी दी जिनके द्वारा निर्माण विभागों में संलग्न ठेकेदारों से शासन के लिए रॉयल्टी वसूल नहीं की जा रही है। बैठक में जिला खनिज अधिकारी भी मौजूद थी।
समीक्षा में कलेक्टर ने पाया कि निर्माण विभागों के अधिकांश कार्यपालन यंत्रियों द्वारा ठेकेदारों से गारंटी वसूली में रुचि नहीं ली जा रही है अथवा बाजार भाव के अनुसार राशि वसूल नहीं की जा रही है। इस पर कलेक्टर द्वारा सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों के लिए आगामी 31 जनवरी की समय सीमा निर्धारित की। उक्त समय सीमा में लक्ष्य अनुसार ठेकेदारों से खनिज रॉयल्टी वसूल की जाना है। कलेक्टर ने चेताया कि अधिकारी ठेकेदारों से रिश्तेदारी नहीं निभाए अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बैठक में जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती भिड़े, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनुरागसिंह, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री खरत, आरईएस के धनोतिया, मंडी इंस्पेक्टर मुनिया, हाउसिंग बोर्ड के राजकुमार, पीएचए के गोगादे एवं पीआईयू, पीएमजीएसवाई आदि के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में खनिज अधिकारी द्वारा बताया गया कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदारों से लगभग 5 करोड रुपए राशि वसूल की जाना है। इसी प्रकार पीएमजीएसवाई 2 करोड़, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा 50 लाख, पीआईयू 50 लाख, पीएचई 1 करोड, एमपीआरडीसी 1 करोड़, नगर निगम 2 करोड, ट्राइबल से 1 करोड़, मंडी 50 लाख, जल संसाधन 2 करोड़, हाउसिंग बोर्ड 5 करोड़ तथा आरडीए के ठेकेदारों से 1 करोड़ रुपए रॉयल्टी वसूली जाना है।

error: Content is protected !!