• Sat. Nov 7th, 2026

मरीजों को अब घर के पास मिलेगी संजीवनी क्लीनिक की सुविधा – विधायक चेतन्य काश्यप

BySurendra Jain

Dec 30, 2022

– शहर में दस स्थानों पर स्थापित होंगे मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक

खबर पक्की, 30 दिसम्बर, रतलाम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब किसी भी प्रकार की बीमारी पर प्राथमिक उपचार की सुविधा घर के पास ही मिलेगी। विधायक चेतन्य काश्यप के प्रयासों से रतलाम को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत दस नए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की सौगात मिली है। इन क्लीनिकों की स्थापना की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। इनकी स्थापना के बाद सामान्य बीमारी के दौरान जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज तक की दूरी मरीज व उनके परिजनों को तय नहीं करना पडे़गी।

विधायक श्री काश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के मान से दस स्थान चिन्हित किए है। उक्त स्थानों पर क्लीनिक के नए भवन निर्माण के लिए शासन की ओर से प्रति क्लीनिक 25 लाख की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। भवन निर्माण का जिम्मा शासन ने नगर निगम को सौंपा है। इसका नक्शा और डिजाइन बनकर तैयार है। नगर निगम द्वारा भवन निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। जल्द ही सभी क्लीनिक का निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इनके निर्माण से शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं निकट स्थानों पर उपलब्ध होगी।

विधायक श्री काश्यप ने बताया कि क्लीनिक पर एक चिकित्सक के साथ स्टाफ भी उपलब्ध रहेगा। चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को यदि कोई जांच लिखी जाती है तो उसकी जांच सुविधा भी यहीं पर उपलब्ध रहेगी। संजीवनी क्लीनिक खुलने से यहां पर स्टाफ के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं से जुडे़ लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और जिला अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लग रही मरीजों की कतार भी कम होगी।

error: Content is protected !!