• Sat. Nov 7th, 2026

सातरुंडा चौराहे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कार्यवाही तेजी से जारी, कलेक्टर श्री सूर्यवंशी फॉलोअप के लिए सातरूंडा पहुंचे

BySurendra Jain

Dec 6, 2022

खबर पक्की, 6 दिसंबर, रतलाम। जिले के सातरुंडा चौराहे पर दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर कार्रवाई तेजी से की जा रही है। सोमवार को कलेक्टर चौराहे पर पहुंचे थे। निरीक्षण पश्चात एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, राजस्व तथा पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों को योजनाबद्ध रूप से कार्य करने के लिए निर्देशित किया था। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी मंगलवार को दोबारा सातरुंडा चौराहे पर फॉलोअप के लिए पहुंचे।
वहां कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित गति से कार्य चल रहा है। यातायात में बाधक तथा दुर्घटना में सहायक मकानों, दुकानों का अतिक्रमण हटाया जा रहा है। मंगलवार को दो जेसीबी मशीनें लगाई गई। एक मशीन इंदौर रोड की ओर तथा दूसरी मशीन बडऩगर की ओर कार्य कर रही थी। दोनों मशीनों द्वारा दुकानों, मकानों के अतिक्रमण, ओटले, शेड आदि हटाए गए। कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील पाटीदार, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।
एमपीआरडीसी के सहायक प्रबंधक अतुल मूले भी लगातार चौराहे पर उपस्थित रहकर कार्य करवा रहे हैं। चौराहे का आइलैंड छोटा कर दिया गया है जिससे कि बडनगर से आकर इंदौर की ओर जाने वाले वाहनों को शॉप टर्न के स्थान पर चौड़ा रास्ता मिल सकेगा। कई दुकानदार स्वेच्छा से भी अपना अतिक्रमण हटा रहे हैं। रोड पर स्थित डिवाइडर को आगे बढ़ाने का कार्य बुधवार को प्रारंभ होगा। एमपीआरडीसी के प्रबंधक श्री मुले ने बताया कि ग्राम रत्तागिरी में भी रंबल स्ट्रिप बना दिया गया है। मंगलवार को की गई कार्रवाई में सारुंडा चौराहे पर पुलिस का माकूल इंतजाम था।

error: Content is protected !!