• Sat. Nov 7th, 2026

शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कलेक्टर सूर्यवंशी का निरीक्षण लगातार जारी, फ्रीगंज क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश

BySurendra Jain

Dec 6, 2022

खबर पक्की, 6 दिसंबर, रतलाम। शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने, सुगम यातायात व्यवस्था बनाने के लिए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए अतिक्रमण हटवाए जा रहे हैं। जिन मकान मालिकों द्वारा नगर निगम के एमओयू के विरुद्ध निर्माण किए गए हैं उनको नोटिस जारी करने तथा अतिक्रमण हटाने के लिए कलेक्टर द्वारा लगातार निगम अमले को निर्देशित किया जा रहा है। मंगलवार को कलेक्टर ने शहर के फ्रीगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। क्षेत्र में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण करके बनाएं मकानों, दुकानों की सीढिय़ां, ओटले, शेड आदि तोडऩे हटाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, सीएसपी हेमंत चौहान भी साथ रहे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निरीक्षण के दौरान फ्रीगंज रोड के पिछले हिस्से में रेलवे पटरी के समानांतर बनाए गए वैकल्पिक रोड का भी निरीक्षण किया जो रेलवे यात्रियों के लिए वनवे व्यवस्था में कार्य करेगा। कलेक्टर ने रोड की सफाई करने, नाले को ढकने, रोड को चौड़ा करने तथा पटरी साइड रिटेन वाल निर्माण के निर्देश दिए।
स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने से यातायात सुगम, नागरिक प्रसन्न
निरीक्षण में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा स्टेशन रोड पर निगम अमले द्वारा हटाए गए अतिक्रमण का निरीक्षण किया गया। अतिक्रमण हटाने के पश्चात स्टेशन रोड का यातायात सुगम हो गया है। इसका स्वरूप सुंदर हो गया है नागरिकों तथा यात्रियों ने भी सुगम यातायात पर प्रसन्नता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि स्टेशन रोड पर दुकानदारों, होटलों द्वारा निर्धारित सीमा से आगे बढ़कर अतिक्रमण कर लिया था, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया था, आवागमन के दौरान अत्यंत परेशानी हो रही थी, वाहनों के जाम लग रहे थे परंतु कलेक्टर के निर्देश पर हटाए गए अतिक्रमण से समस्याओं से मुक्ति मिल गई है।
कलेक्टर द्वारा प्रारंभ किया गया अतिक्रमण विरोधी अभियान शहर में लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाए जाते हैं वहां से मलबा भी तत्काल हटाया जाए ताकि गंदगी नहीं दिखे, यातायात अवरुद्ध नहीं हो।

error: Content is protected !!