जयपुर। चेन्नई में हुई सोना चोरी की एक घटना की राजस्थान में जांच करने आए तमिलनाडु के एक पुलिस निरीक्षक की एक चोर ने बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोर वहां से फरार हो गया। पुलिस निरीक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद शव को चेन्नई भेजा जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि चोरी के एक आरोपी नाथूराम ने पाली जिले के जैतारन में पुलिस निरीक्षक पेरियापंडी (48) का रिवाल्वर छीन लिया। उसके बाद उन्हें गोली मार दी। पेरियापंडी पिछले महीने चेन्नई में हुई चोरी की घटना की जांच के लिए गठित विशेष दल का हिस्सा थे। चेन्नई पुलिस की टीम मामले की जांच के लिए राजस्थान में थी।
जानकारी के मुताबिक, कोलाथुर इलाके में ज्वैलरी शॉप की दीवार तोड़कर अपराधियों ने 3.5 किलोग्राम सोना चुरा लिया था और वहां से फरार हो गए थे। गुप्त सूचना के बाद, सात पुलिसकर्मियों का दल जैतारन पहुंची। बुधवार को उसने नाथूराम को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान उसने पेरियापंडी का रिवाल्वर छीन लिया और गोली चला दी। इससे पेरियापंडी की मौत हो गई। घटना के बाद नाथूराम फरार हो गया। गोलीबारी में कुछ और लोग भी घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया कि चेन्नई पुलिस ने इस अभियान में एक तरफा काम किया। मामले में राजस्थान पुलिस तमिलनाडु के अपने साथियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
