• Sat. Nov 7th, 2026

रतलाम कॉलेज में मतगणना निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध, अशांति फैलाने वालों, असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा

BySurendra Jain

Jul 19, 2022

खबर पक्की, 19 जुलाई, रतलाम। रतलाम नगर निगम के लिए 20 जुलाई को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है। स्थानीय आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में होने वाली मतगणना शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किन्हीं भी असामाजिक तत्वों, धांधली करने वालों से सख्ती से निपटे जाने की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि शांतिपूर्ण मतगणना में कोई भी बाधा नहीं आने दी जाएगी, असामाजिक तत्वों, गुंडा तत्वों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा। मतगणना व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार सुबह तैयारियों का निरीक्षण कलेक्टर ने किया। सुचारू रूप से मतगणना कार्य के लिए कर्मियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्तरों पर महाविद्यालय परिसर में चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। बगैर पास के किसी को भी मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल साथ लाने की अनुमति नहीं रहेगी, मात्र मीडियाकर्मी मीडिया सेंटर तक मोबाइल ले जा सकेंगे।
मतगणना स्थल पर रतलाम नगर निगम के महापौर तथा 49 वार्डो के पार्षद प्रत्याशियों हेतु मतगणना संपन्न होगी जिसके लिए 49 टेबल लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है, लगभग 600 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती रहेगी। मतगणना के संपूर्ण कार्य के लिए लगभग 700 अधिकारी कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतगणना परिसर में आवागमन के रूट भी निर्धारित किए गए हैं। सूचनाओं के प्रसारण के लिए व्यवस्था की गई है, मीडिया सेंटर बनाया गया है।

error: Content is protected !!