• Sat. Nov 7th, 2026

दो जिम्मेदारों ने दो आत्मघाती गोल कर के आसान मुकाबले को बहुत कठिन बना दिया है भाजपा ने

BySurendra Jain

Jul 11, 2022

खबर पक्की, 11 जुलाई, रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लूनेरा द्वारा दो स्थानीय न्यूज़ चेनल की शिकायत के बाद प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए अम्बर टी वी और डिज़ियाना चेनल के कार्यालय और कंट्रोल रूम सील कर दिए गए । सील किए जाने की ख़बर मिलते ही प्रेस क्लब के सदस्य पत्रकार नेटवर्क कार्यालय पर एकत्रित हो गए । प्रशासन की कार्यवाही के विरोध में प्रेस क्लब ने कलेक्टर से मुलाक़ात की और आपात बैठक आयोजित कर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया है ।
उल्लेखनीय है कि रतलाम शहर में दो टी वी नेटवर्क अम्बर टी वी एवं डिज़ियाना टी वी संचालित होते है । आज सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लूनेरा द्वारा ज़िला निर्वाचन अधिकारी को दोनो चेनलों की शिकायत करते हुए कहा कि इन चेनलों द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में एक तरफ़ा समाचार प्रसारित किए जा रहे है । इस पर प्रशासन द्वारा दोनो ही चेनलों को नोटिस जारी कर दिए और दो घंटे के अंतराल में ही दोनो के कार्यालय और कंट्रोल रूम सील कर दिए जिससे पूरे शहर में चेनल का प्रसारण बाधित हो गया । ख़बर मिलते ही पत्रकारों में कार्यवाही को लेकर रोष फैल गया और प्रेस क्लब के सदस्य चेनल कार्यालय पर एकत्रित हो गए । प्रशासन की एकतरफ़ा कार्यवाही पर संज्ञान लेते हुए प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में कलेक्टर के पास पहुँचे और कार्यवाही पर विरोध दर्ज करवाते हुए कहा कि नियमानुसार चेनलों की न्यूज़ का परीक्षण होना चाहिए था उसके बाद ही कार्यवाही की जाना थी । कलेक्टर को ज्ञापन देने के बाद रतलाम प्रेस क्लब की आपात बैठक प्रेस क्लब भवन पर आयोजित हुई जहां प्रशासन की कार्यवाही पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया तथा यह संकल्प पारित किया गया कि परीक्षण के बाद यदि शिकायत झूठी पाई गई तो प्रेस क्लब शिकायत कर्ता का बहिष्कार करेगा । यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि इस सम्बंध में निर्वाचन आयोग को भी शिकायत की जाएगी । भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर जिला प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई से यह बात तो तय हो गई की प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के लगातार फ्रंट फुट पर खेलने से वह बैकफुट पर आ गई। कल शिव नगर की घटना पर वायरल हुआ वीडियो हिंदुस्तान भर में देखा जा रहा है उस आत्मघाती गोल के बाद भी लगता है पार्टी ने कुछ सीखा नहीं और आज लगातार दूसरा आत्मघाती गोल दो मिडिया कार्यालय को सील करके कर दिया। दोनो केबल टीवी कार्यालय को सील करने से शहर की जनता समाचार और मनोरंजक कार्यक्रमों को देखने से वंचित हो जाएगी और जनता की इस नाराजगी का खामियाजा भी भाजपा को ही उठाना पड़ेगा। दो आत्मघाती गोल अपनी ही टीम पर करने के बाद भाजपा ने अपने लिए बहुत आसान इस मुकाबले को बहुत कठिन बना दिया है।

error: Content is protected !!