• Sat. Nov 7th, 2026

कलेक्टर-एसपी ने सैलाना में मतदान सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया

BySurendra Jain

Jun 29, 2022

खबर पक्की, 29 जून, रतलाम। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत जिले के सैलाना, बाजना विकासखंड में द्वितीय चरण में 1 जुलाई को मतदान प्रक्रिया होगी। इन विकासखंड मुख्यालयों से 30 जून को मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने सैलाना विकासखंड मुख्यालय पर मतदान सामग्री वितरण एवं मतदान सामग्री जमा करने के लिए निर्धारित किए गए स्थल बालक हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्वाचन के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना सामग्री वितरण एवं जमा करने के लिए स्थल पर की गई व्यवस्थापिका जायजा लिया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान सामग्री वितरण में लगाए गए अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था सुव्यवस्थित रुप से होना चाहिए। मतदान दलों को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए उन्हें व्यवस्थित रूप से पूरी सामग्री निर्धारित समय पर उपलब्ध करा दी जाए ताकि वे अपनी सामग्री को चेक कर लें और उसके बाद मतदान दलों को मतदान केंद्र के लिए रवाना किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस कार्य में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। मतदान सामग्री वितरण करने के साथ ही निर्वाचन समाप्त होने के उपरांत जब मतदान दल मतदान सामग्री जमा करने के लिए पुन: उपस्थित होंगे तो सामग्री जमा करने में भी विलंब नहीं होना चाहिए। मतदान दलों से सामग्री प्राप्त कर उन्हें शीघ्र मुक्त किया जाए। निरीक्षण के दौरान सैलाना एसडीएम श्री मनीष जैन भी मौजूद थे।

error: Content is protected !!