• Sat. Nov 7th, 2026

जनसुनवाई में 107 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश जारी किए गए

BySurendra Jain

May 24, 2022

खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गईं। कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत, एसडीएम संजीव पांडे, एसडीएम सुश्री कृतिका भीमावद, डिप्टी कलेक्टर मनीष जैन द्वारा आवेदकों के आवेदनों पर सुनवाई करते हुए लगभग 107 आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को दिशा निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में सैलाना तहसील के ग्राम खानाया का टापरा (भामट) निवासी कैलाश ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी द्वारा विगत तीन वर्षों से नहर बांधने के लिए पंचायत के मंत्री को आवेदन दिया जा रहा है परन्तु मंत्री द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जाकर हर नए-नए कागज मंगवाए जाकर प्रार्थी को मानसिक रुप से प्रताडित किया जाता है। कृपया प्रार्थी को नहर बांधने हेतु राशि देने की कृपा की जाए। आवेदन निराकरण हेतु सीईओ सैलाना को प्रेषित किया गया है।
ग्राम अमरपुराकला तहसील रावटी निवासी तोलसिंग सिंगाड ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी की शामिलात खाते की कृषि भूमि ग्राम अमरपुराकला में स्थित है तथा ग्राम अमरपुराकला में तालाब बनाया जा रहा है जिससे प्रार्थी की भूमि डूब में आ रही है और प्रार्थी को आज दिनांक तक मुआवजा नहीं मिला है। साथ ही गांव के ही कुछ लोगों द्वारा प्रार्थी की कृषि भूमि में से रास्ता निकाला जाकर मुआवजा में आपत्ति लगाई जा रही है। प्रार्थी द्वारा इस सम्बन्ध में रावटी पुलिस थाने में शिकायत भी की गई है परन्तु कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। अत: इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही की जाए। आवेदन एसडीओपी सैलाना को निराकरण के लिए भेजा गया है।
रामगढ रतलाम निवासी रामसिंह जाधव ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। प्रार्थी स्वयं और अपनी पत्नी के लिए वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने हेतु कई वर्षों से प्रयास कर रहे हैं परन्तु आवेदन देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कृपया प्रार्थी को वृद्धावस्था पेंशन और पात्रता पर्ची प्रदाय की जाए जिससे प्रार्थी अपना गुजर-बसर कर सके। निगम आयुक्त को आवेदन निराकरण हेतु भेजा गया है। जयस कार्यकर्ता कालूसिंह भाभर, पूनमचंद, प्रेमसिंह, समरथ, नानालाल आदि ने जनसुनवाई में संयुक्त आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम कांगसी में प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत पिछले साथ मकान बनाए गए थे उनके एक लाख रुपए तो मिल गए परन्तु मजदूर के पैसे अभी तक नहीं मिले हैं। साथ ही गांव में दो सीसी रोड निर्माण किए गए थे जो गुणवत्ताविहीन होने के कारण उखड गए हैं। गांव में पशुओं के पानी पीने के लिए जो होद मंजूर हुई थी उसे भी अन्यत्र जगह बना दिया गया है। उक्त सभी कार्मों में काफी भ्रष्टाचार किया गया है जिसकी जांच की जाना आवश्यक है। आवेदन सीईओ जनपद पंचायत सैलाना को भेजा गया है और आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
ग्राम धबाईपाडा निवासी नानुराम ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की कृषि भूमि ग्राम धबाईपाडा में स्थित है। उक्त भूमि पर पंचायत द्वारा तालाब का निर्माण किया जा रहा है जिससे प्रार्थी की भूमि भी तालाब निर्माण क्षेत्र में आ रही है। अत: प्रार्थी की भूमि का निराकरण किया जाए। आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया है।

error: Content is protected !!