खबर पक्की : 31 मार्च रतलाम, जिला प्रशासन व निगम प्रशासन द्वारा सैलाना ओवरब्रिज के नीचे पड़ी रेलवे की खाली जमीन पर फुटकर सब्जी मंडी बनाने की योजना धरी रह गई ।राम मंदिर तरफ इधर-उधर बैठकर सब्जी बेचने वाले सब्जी विक्रेताओं को एक जगह स्थान उपलब्ध कराने के लिए यह योजना बनाई गई थी जिससे यातायात में बाधक बन रहे सब्जी विक्रेताओं को एक जगह स्थान उपलब्ध कराया जा सके। इसमें मजे की बात यह है कि जिस स्थान पर सब्जी वालों को बिठाने की योजना बनाई जा रही थी वह जमीन रेलवे की मालीकी की है और प्रशासन ने बगैर रेलवे को पूछे या उससे अनुमति लिए बगैर उसकी जमीन पर अपने मनमर्जी से सब्जी वालों को बिठाने की योजना बनाई थी। जब रेलवे को प्रशासन और निगम की यह योजना अखबारों के जरिए पता चली और अपने जमीन पर अतिक्रमण होने की चिंता हुई तो उसने तुरंत बगैर देर किए अपनी जमीन पर कांटेदार वायर की फेंसिंग कर दी। इस बारे में रेलवे के सीनियर डीएन कार्यालय ने बताया कि उक्त जमीन पर अतिक्रमण होने की तैयारी की सूचना मिली थी क्योंकि जमीन रेलवे की है इसलिए हमने उसको सुरक्षित करने के उद्देश्य से फेंसिंग करवा दिया है अगर जिला प्रशासन या निगम को जमीन की आवश्यकता है तो वह रेलवे से जमीन खरीदने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करें क्योंकि रेलवे भी कहीं पर भी शासन से या निजी जमीन लेती है तो पैसा देती है। रेलवे कि इस कार्रवाई को क्षेत्र की जनता ने सेर के ऊपर सवा सेर वाली कार्रवाई बताया है।

