• Sat. Nov 7th, 2026

एसडीएम मात्र राजस्व कार्यो तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जनहित के समस्त कार्यों पर निगरानी रखें, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

Mar 26, 2022

खबर पक्की, 26 मार्च, रतलाम। जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्टर द्वारा 26 मार्च को आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित उक्त बैठक में कलेक्टर ने कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि जिले के सभी एसडीएम मात्र राजस्व कार्य तक अपने आप को सीमित नहीं रखें बल्कि जनहित के समस्त कार्यों की मॉनिटरिंग करें, निगरानी रखें। सभी एसडीएम सप्ताह में 2 दिन अपनी फील्ड में जाएं। उनके साथ जनपद के सीईओ, सीडीपीओ, तहसीलदार, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि विभागों के अधिकारी भी रहे, उनके कार्यों का निरीक्षण करें। जनता की समस्याओं का समाधान करें।
बैठक में कलेक्टर द्वारा स्वच्छता सर्वे, राजस्व वसूली, आरसीएमएस पोर्टल पर राजस्व प्रकरणों का निराकरण, अतिक्रमण माफिया के विरुद्ध कार्रवाई आदि समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जावरा तहसीलदार द्वारा किए गए कार्य के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि जावरा तहसीलदार द्वारा अपने अधिकार से बाहर जाकर ग्रामीण क्षेत्र में मकान को तोड़ा गया। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे अपने कार्य को सीखें, अपरिपक्व अधिकारी की तरह कार्य नहीं करें। सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि आप एसडीएम के नालेज में लाए बगैर कोई भी कार्रवाई नहीं करें। राजस्व संबंधी कार्रवाई में शासन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
कलेक्टर ने 1 राजस्व वसूली की समीक्षा में पाया कि जावरा द्वारा विगत बैठक के पश्चात कोई खास प्रगति नहीं की गई है। कलेक्टर ने कहा कि जावरा तहसील के कारण जिले की रैंकिंग खराब हो रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली तहसीलदारों की गोपनीय चरित्रावली का प्रमुख आधार है। जिस तहसीलदार द्वारा लक्ष पूर्ति नहीं की जाएगी, उसकी गोपनीय चरित्रावली पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। समीक्षा में पिपलोदा तथा आलोट तहसीलदारों की वसूली ठीक पाई गई परंतु रावटी तहसीलदार द्वारा कुछ खास नहीं किया गया।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की भी समीक्षा की। शासकीय मंदिरों की भूमि की नीलामी, गेहूं की फसल कटाई के पश्चात करने के निर्देश दिए। सभी तहसीलदारों को टूर डायरी बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया। डायरी नहीं प्रस्तुत की जाने पर माना जाएगा कि तहसीलदार ने काम नहीं किया है। कलेक्टर ने कहा कि जिनको टूर डायरी बनानी नहीं आती है वे अपर कलेक्टर से संपर्क करें। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकानों के सतत निरीक्षण के निर्देश एसडीएम तथा तहसीलदारों को दिए। साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी में तथा अन्य ग्रामीण विकास कार्यों के भी निरीक्षण हेतु निर्देशित किया।
जल जीवन मिशन के कार्यों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए। जिले में 600 चेक डैम की मरम्मत की जा रही है। चेक डैम मरम्मत कार्य की मानिटरिंग के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने अगले सप्ताह से नियमित रूप से निरीक्षण प्रतिवेदन जिला कार्यालय को भेजने हेतु सभी एसडीएम, तहसीलदारों को निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, एसडीएम श्री राजेश शुक्ला, एसडीएम सैलाना श्री संजीव पांडे आदि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!