• Sat. Nov 7th, 2026

विधायक काश्यप के निर्देश पर तरणताल खोलने में जुटा नगर निगम

BySurendra Jain

Mar 9, 2022

खबर पक्की, 9 मार्च, रतलाम। राजीव गांधी सिविक सेन्टर स्थित तरणताल को नगर निगम जल्द ही आम लोगों के उपयोग के लिए खोल देगा। निगम के अमले ने विधायक चेतन्य काश्यप के निर्देश पर तरणताल खोलने की तैयारियां शुरू कर दी है। श्री काश्यप से इस संबंध में क्रीड़ा भारती एवं जिला तैराकी संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने पहल करने का आग्रह किया था। श्री काश्यप ने नगर निगम को क्रीड़ा भारती एवं जिला तैराकी संघ के आग्रह पर तत्काल तरणताल खोलने के निर्देश दिए थे। नगर निगम ने इस पर तरणताल की सफाई एवं जल संग्रहण की कार्यवाही आरंभ की। तरणताल खोलने की कार्यवाही शुरू होने पर क्रीड़ा भारती एवं जिला तैराकी संघ ने हर्ष जताया है एवं विधायक श्री काश्यप को धन्यवाद देते हुए कहा कि तरणताल खुलने से शहर के खिलाडिय़ों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होने से पूर्व तैयारी करने का अवसर प्राप्त होगा। श्री काश्यप से मिलने वाले प्रतिनिधि मण्डल में क्रीड़ा भारती सचिव एवं जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अनुज शर्मा, जिला तैराकी संघ सचिव एवं प्रशिक्षक राजा भैया, हुसैन इंदौरी एवं रवि पंवार शामिल थे।

error: Content is protected !!