• Sun. Sep 20th, 2026

सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन का संकल्प लेकर संपन्न हुई शांति समिति की बैठक

BySurendra Jain

Feb 27, 2022

खबर पक्की, 27 फरवरी, रतलाम। आगामी त्योहारों का आयोजन पूर्ण सौहार्द, भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण रूप से होगा। इस संकल्प को लेकर रविवार शाम जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने त्योहारों उत्सव के आयोजन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं से सदस्यों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने आयोजनों में पुलिस व्यवस्था तथा आवश्यक सतर्कता की जानकारी दी।
बैठक के प्रारंभ में अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य ने क्रमवार त्योहारों के आयोजन तथा उस दौरान व्यवस्थाओं के संबंध में प्रशासनिक कार्रवाईयों की जानकारी दी। निगमायुक्त श्री सोमनाथ झारिया द्वारा नगर निगम के दायित्व को पूर्ण करने के सम्बंध में सदस्यों को अवगत कराया गया। बैठक में एडिशनल एसपी सुनील पाटीदार, एसडीएम राजेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कृतिका भीमावद, शहर काजी अहमद अली, सीएसपी हेमंत चौहान, थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला, तहसीलदार गोपाल सोनी, सदस्य तेजराम प्रजापति, महेंद्र गादिया, अशोक चौटाला, प्रदीप उपाध्याय, ओमप्रकाश त्रिवेदी, विनोद मिश्रा मामा, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, शैलेन्द्र डागा, पवन सोमानी, मकसूद काजी, सलीम आरिफ, फैयाज मंसूरी, मोहम्मद यूनुस ताज, बृजेश राठौर, निजाम राही, सुरेंद्र ललवानी आदि उपस्थित थे।
बैठक में आगामी होलिका दहन, धुलेंडी, छड़ी यात्राओं तथा अन्य आयोजनों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं तथा विभिन्न अनुमतियों के संबंध में अवगत कराया गया। सफाई, विद्युत व्यवस्था, जलापूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस, आपात चिकित्सा इत्यादि के लिए संबंधित विभागों को कलेक्टर द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने अनुरोध किया कि त्योहारों के उत्साह के साथ आयोजन में असावधानी नहीं रखें। कोई दुर्घटना नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने कहा कि विभिन्न त्योहारी आयोजनों में इस बात का ख्याल रखा जाए कि नदी-नालों पर कोई दुर्घटना नहीं हो। होलिका दहन स्थलों पर व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा समय सीमा में जायजा लिया जावे। दुर्घटनाओं से बचने के लिए सतर्कता बरती जाए।
बैठक में सदस्यों द्वारा भी शहर में जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए। मनोहर पोरवाल द्वारा प्रमुख रूप से जनहित के मुद्दों को रखा गया। उनके अलावा गोविंद काकानी, महेंद्र गादिया, शैलेंद्र डागा, अशोक चौटाला, प्रदीप उपाध्याय, मकसूद काजी, सलीम आरिफ, पवन सोमानी आदि ने भी जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम में इस दौरान शहर से जुड़े जनहित के मुद्दों पर बताया कि शहर के विभिन्न बाजारों में सड़कों के निर्माण हेतु टेंडर जारी कर दिए गए हैं। शहर में ट्राफिक व्यवस्था अपेक्षित नहीं है, इसमें सुधार के लिए अतिशीघ्र सुनियोजित प्रबंध किए जाने वाले हैं। डीजे तथा बैंड के संबंध में नियमानुसार व्यवस्था पर बताया कि समय सीमा के बाद डीजे संचालन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। परीक्षाओं के दृष्टिगत स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों का ख्याल रखा जाएगा। शहर एसडीएम श्री शुक्ला को निर्देशित किया कि मैरिज गार्डन का निरीक्षण करते हुए गंदगी फैलाने तथा रात्रि 10 बजे बाद डीजे चलाने के विरुद्ध कारवाई की जाए। बगैर अनुमति संचालन पर भी कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि शहर में धरना प्रदर्शन के लिए एक स्थान नियत कर दिया जाएगा ताकि धरना प्रदर्शन गतिविधि से आम आदमी को दिक्कत नहीं आए। कलेक्टर ने स्वच्छ सर्वेक्षण की जानकारी देते हुए शहर को अच्छी रैंकिंग के लिए सभी नागरिकों से सहयोग प्राप्ति हेतु अनुरोध किया। निगमायुक्त श्री झारिया द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को हतोत्साहित करने के संबंध में सदस्यों से अनुरोध किया गया।

error: Content is protected !!