• Sat. Sep 19th, 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत मुख्यमंत्री चौहान द्वारा जिले के 339 हितग्राहियों के बैंक खातों में सवा तीन करोड़ रुपए राशि अंतरित की गई, मुख्यमंत्री ने जावरा की हितग्राही फरजाना से बातचीत भी की

BySurendra Jain

Feb 23, 2022

खबर पक्की, 23 फरवरी, रतलाम। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश के हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक द्वारा राशि अंतरित की गई। भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअल रतलाम जिले के जावरा की हितग्राही सुश्री फरजाना से बातचीत भी की। इस अवसर पर जावरा में विधायक डॉ.राजेंद्र पांडेय, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसडीएम हिमांशु प्रजापति, जिला योजना समिति सदस्य राजेन्द्र सिंह लुनेरा सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, डूडा के परियोजना अधिकारी अरुण पाठक, नागरिक, हितग्राही आदि उपस्थित थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा जिले के 487 हितग्राहियों के आवासों का भूमिपूजन तथा 1014 हितग्राहियों का गृह प्रवेश वर्चुअल रूप से कराया।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की हितग्राही सुश्री फरजाना से बातचीत करते हुए पूछा कि आप क्या काम करती हैं तो फरजाना ने बताया कि वह हॉस्पिटल में गार्ड का कार्य करती है। इस पर मुख्यमंत्री ने फरजाना के सम्मान में करतल ध्वनि कराई। मुख्यमंत्री ने यह भी पूछा कि आपका मकान अच्छे से बन गया, कोई दिक्कत तो नहीं आई, किसी ने कुछ पैसा तो नहीं मांगा, पट्टा मिल गया क्या? फरजाना ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उसका मकान अच्छे से बन गया है वह पहले झोपड़पट्टी में रहती थी अब अच्छा मकान मिल गया, उससे किसी ने कोई पैसा नहीं मांगा पट्टा भी मिल गया।
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की अन्य योजनाओं के लाभ मिलने के संबंध में फरजाना से जानकारी प्राप्त की। फरजाना ने बताया कि आपके आशीर्वाद से उसे मकान के साथ-साथ श्रमिक योजना का लाभ भी मिला है, बीपीएल कूपन भी बन गया है। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बारे में पूछा फरजाना ने बताया कि उसके दोनों बच्चे रेहान और अयान स्कूल में अध्ययनरत हैं। मुख्यमंत्री द्वारा शुभकामनाएं भी दी गई । सुश्री फरजाना के नवीन आवास पर ही आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर विधायक राजेंद्र पांडे ने सुश्री फरजाना के आवास पर फीता काटकर शुभारंभ करते हुए ग्रह प्रवेश कराया। विधायक डॉ. पांडे ने सुश्री फरजाना तथा अन्य हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि फरजाना को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए ढाई लाख रुपए की राशि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई। बुधवार को रतलाम जिले के सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कार्यक्रम आयोजित हुए जहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के उदबोधन को देखा व सुना गया।

You missed

error: Content is protected !!