• Sat. Nov 7th, 2026

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ. लक्ष्मी बघेल ने की स्वास्थ्य सेवाओं समीक्षा

BySurendra Jain

Feb 4, 2022

खबर पक्की, 4 फरवरी, रतलाम। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाऐं उज्जैन संभाग डॉ. लक्ष्मी बघेल एवं उप संचालक स्वास्थ्य डॉ. रजनी डावर तथा सांख्यिकी अधिकारी विजय गोठवाल रतलाम जिले के सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे। यहॉ पहुंचकर उन्होने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
डॉ. लक्ष्मी बघेल ने जिले में प्रस्तावित हब एंड स्पोक सेंटर्स को शीघ्र क्रियाशील करने के सीएमएचओ, डीपीएम तथा बीएमओ को निर्देश दिए। सीएमएचओ डा. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि जिले में पैथोलॉजी जॉच की ग्रमीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदायगी के लिए अस्पतालों को हब के रूप में नामांकित किया जा रहा है। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्पोक के रूप में चिन्हित किए गए हैं। इन स्पोक केंद्रो पर पैथॉलाजी जॉच के सैंपल लिए जाएंगे। आउटसोर्स एंजेंसी के माध्यम से सैंपल हब स्वास्थ्रू केंद्रों पर भेजे जाएंगे तथा जॉच रिपोर्ट हितग्राही को भेजी जाएगी।
डीपीएम डॉ. अजहर अली ने बताया कि इस संबंध में उपकरणों एवं मावन संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। क्षेत्रीय संचालक डॉ. बघेल ने कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करते हुए केंद्रो को क्रियाशील बनाकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डॉ. बघेल ने स्थापना प्रभारी को जिले के सभी चिकित्सकों की ग्रेडेशन लिस्ट अपडेट करने, चिकित्सकों की सीआर ऑनलाईन भरने के निर्देश दिए। उन्होने चिकित्सको द्वारा की जाने वाली एमएलसी और प्री-एमएलसी को ऑनलाईन सॉफ्टवेयर के आधार पर किए जाने हेतु चिकित्सकों की जानकारी भेजने को कहा। जिले के चिकित्सको को निर्धारित प्रारूप में दवाईयों एवं आवश्यक उपकरणों की जानकारी एवं मांग पत्र प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होने मानव अधिकार आयोग एवं जन शिकायत निवारण अंतर्गत प्रकरणों की समीक्षा की तथा प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक समाधान करने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही के लिए कहा। उन्होने बताया कि आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लक्ष्य दंपत्तियों को चिन्हित करे एवं जिन महिलाओं में गर्भधारण की संभावना हो, उनके घरों पर विजिट करके गर्भवती महिलाओं की शीघ्र पंजीयन करें तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज पहले से तैयार करें ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। एएनएम द्वारा गर्भवती माताओं के उदर की जॉच की जाए ताकि प्रसव की अनुमानित तिथि का पता लगाया जा सके इसके लिए उन्होने सीएचओ के माध्यम से गर्भवती माताओं के उदर परीक्षण के लिए निर्देशत किया। डॉ. लक्ष्मी बघेल ने सभी गर्भवती माताओं में हाइरिस्क गर्भवती माताओं पर विशेष ध्यान देकर स्वास्थ्य सेवाऐं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर, आरएमओ डॉ. योगेश नीखरा, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश मंडलोई, डॉ. दीपक पालडिया डॉ. योगेन्द्र गामड, डॉ. जितेन्द्र जायसवाल, डीपीएम डॉ. अजहर अली एवं अन्य चिकित्सक एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!