• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 38 आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित दिए

BySurendra Jain

Jan 11, 2022

खबर पक्की, 11 जनवरी, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कृतिका भीमावद, सुश्री मनीषा वास्कले द्वारा 38 प्रकरणो की सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग को निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में आलोट तहसील के रीछा में रहने वाले सुरेन्द्रसिंह ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी दिव्यांग है और उसके पास स्वयं का कोई आवास व जमीन नहीं है। प्रार्थी की वृद्ध माताजी भी उनके साथ ही निवास करती है तथा पारिवारिक स्थिति काफी दयनीय है। अत: प्रार्थी को गांव में ही प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना अन्तर्गत आवास प्रदान किया जाए। प्रकरण निराकरण हेतु सीईओ जनपद पंचायत आलोट को भेजा गया है।
बाजना तहसील निवासी एता दामा ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थिया के पति कालूसिंह दामा जनपद शिक्षा केन्द्र बाजना में जनशिक्षक के पद पर पदस्थ थे तथा 17 जुलाई 21 को सडक दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। पति की मृत्यु के पश्चात आज दिनांक तक जनपद शिक्षा केन्द्र बाजना द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति, कर्मचारी बीमा राशि, अर्जित अवकाश, क्रमोन्नति राशि तथा एनएसडीएल में जमा राशि का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। वर्तमान समय में परिवार का भरण-पोषण करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड रहा है। प्रकरण निराकरण हेतु संबंधित विभाग को भेजा गया है।
80 फीट रोड निवासी ब्रजराज सहाय सक्सेना ने बताया कि मेडिकल कालेज की ओर से आ रही पाइप लाइन प्रार्थी के घर के सामने से फूट जाने से गंदा पानी, कचरा तथा अन्य सामग्री प्रार्थी के घर के बाहर एकत्रित हो रही है जिससे प्रार्थी का बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। संबंधित संस्था से शिकायत की जाने पर कहा जाता है कि हमारी कोई जवाबदारी नहीं है। क्षेत्र में गंदगी हो जाने पर मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है। प्रकरण निराकरण हेतु नगर निगम को प्रेषित किया गया है।

error: Content is protected !!