खबर पक्की, 8 नवंबर, राजगढ़- सरदारपुर (धार)। कार आमने-सामने आ जाने से घुस्साए कार चालक ने एक अन्य कार सवार युवक पर पिस्टल से गोली चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले को लेकर सरदारपुर पुलिस जांच कर रही रही है। इधर, घायल युवक को रात में ही सरदारपुर अस्पताल से धार एवं धार से इंदौर के लिए रिफर किया गया है, जहां उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक कार सवार अमोदिया निवासी 23 वर्षीय युवक उमेश पुत्र हीरालाल को गोली लगी है। वह रविवार रात करीब दस बजे कार में अपने पांच दोस्तों के साथ फोरलेन चौकड़ी से सरदारपुर की ओर आ रहा था। उमेश के दोस्त विकास सोलंकी ने बताया कि कुछ दूरी पर जाने के बाद स्पीड ब्रेकर क्रास करते समय एक अन्य काले रंग की कार सामने आ गई। हालांकि दोनों में कुछ कहासुनी नहीं हुई थी, लेकिन उक्त कार चालक पिस्टल दिखाते हुए निकला तो उमेश और उसके साथी डर गए और धीरे-धीरे कार आगे बढ़ाते हुए निकल रहे थे, लेकिन करीब 30 फीट दूरी पर जाने के बाद कार चालक ने उन पर फायर कर दिया।
इसमें कार का पिछला कांच तोड़ते हुए गोली उमेश के कान के नीचे वाले हिस्से में लगते हुए जबड़े में जा फंसी। उमेश को खून आता देख सभी दोस्त डर गए। इसके बाद उसे तुरंत ही सरदारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉ. नितिन जोशी ने प्राथमिक उपचार करते हुए धार रिफर किया एवं धार से इंदौर रिफर किया गया। घायल युवक का इंदौर में उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई थी। घायल युवक का उपचार जारी हैं। उसके कथन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएंगी। हालांकी घायल युवक के दोस्तों से बातचीत के आधार पर तफ्तीश की जा रही है।
- अभिनव शुक्ला, थाना प्रभारी पुलिस थाना सरदारपुर।

