खबर पक्की, 31 अक्टूबर, रतलाम। जिले में कोविड-19 टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने वर्चुअल संवाद किया। ऑनलाइन बैठक के लिए जिले के विभिन्न विकासखंड मुख्यालयों पर आशा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया और एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से कलेक्टर ने संवाद किया।
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने आशा कार्यकर्ताओं से कोविड-19 टीकाकरण में शेष बचे सभी हितग्राहियों का वैक्सीनेशन कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता प्रतिदिन गृह भेंट कर कम से कम 15 लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करे। उन्होंने सरल और सहज शब्दों में आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कोविड-19 का टीकाकरण कराने वाली आशा कार्यकर्ताओं को बेहतर कार्य के लिए आशा ऑफ द वीक के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक उपलब्धि के आधार पर बेहतर कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ता का नाम एवं फोटो प्रत्येक सप्ताह विकासखंड मुख्यालय के स्वास्थ्य केंद्र के बोर्ड पर दर्शाया जाएगा ताकि अन्य आशा कार्यकर्ता भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित हो।
उल्लेखनीय है कि रतलाम जिले में कोविड-19 का वैक्सीनेशन निरंतर किया जा रहा है। इस क्रम में 1 नवंबर 2021 सोमवार को महा अभियान आयोजित कर लगभग 40000 लोगों को एक ही दिन में वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य तय किया गया है। रतलाम जिले में दिसंबर माह के अंत तक सभी पात्र हितग्राहियों का सेकंड डोज़ का वैक्सीनेशन पूर्ण किया जाना है, इसके लिए विभाग द्वारा टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे जहां लोग सहजात से अपना कोविड का दूसरा डोज़ लगवा सकते हैं । ऑनलाइन वर्चुअल मीटिंग के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रभाकर ननावरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ अजहर अली तथा विकास खंडों के चिकित्सा अधिकारी एवं विभिन्न स्वास्थ्य कर्मचारी आदि ने सहभागिता की।कोविड-19 टीकाकरण कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा : कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम

