खबर पक्की, 25 अक्टूबर, रतलाम। प्रधानमंत्री भारत सरकार द्वारा वाराणसी से पी.एम. आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम के एलईडी के माध्यम से सजीव प्रसारण की व्यवस्था शासकीय मेडिकल कॉलेज में की जाकर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। रतलाम जिले में कार्यक्रम का शुभारंभ शहर विधायक चेतन्य काश्यप, जिला पंचायत प्रधानपरमेश मईडा, समाजसेवी गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, डीन डॉ. जितेन्द्र गुप्ता, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. जी.आर. गौड, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर ने सरस्वतीजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर देश के नागरिकों को मुफ्त टीका उपलब्ध कराकर आमजन का वैक्सीनेशन कराना प्रमुख उपलब्धि है। पी.एम.आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन से स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधाओं को नई उंचाईयां मिलेगी। उन्होंने कहा कि रिसर्च पेपर के आधार पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को प्रत्येक 25 लाख की जनसंख्या अथवा संसदीय क्षेत्र के आधार पर देश में मेडिकल कॉलेज खोलने हेतु पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने रतलाम जिले के मेडिकल कॉलेज द्वारा कोविड काल में और वर्तमान में डेंगू मरीजों के उपचार की सुविधा के लिए मेडिकल कालेज प्रबंधन की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्रीजी के उदबोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा और सुना गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर ने आभार माना। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. अजहर अली, सचिन वर्मा, आशीष चौरसिया, श्रीमती सरला वर्मा, डॉ. ध्रुवेन्द्र पांडे, डॉ. गौरव बोरीवाल, सुश्री श्वेता बागडी, अजय सोलंकी एवं 250 से अधिक मेडिकल कॉलेज के छात्र सहभागी रहे ।

