खबर पक्की, 25 अक्टूबर, रतलाम। वैक्सीनेशन में चिन्हित टारगेट होने के बाद भी उन तक नहीं पहुंच पाना अधिकारियों एवं अमले की लापरवाही है, यह ठीक नहीं है। अपने क्षेत्र के वैक्सीनेशन सेकंड डोज से शेष बचे लोगों की सूची बनाएं। उसकी मानिटरिंग करें और अपना परफॉर्मेंस सुधारें। उक्त निर्देश कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने समयावधि पत्र समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए ।
उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण की प्रोग्रेस ठीक नहीं है, गत सप्ताह 1 लाख के विरुद्ध 56 हजार वैक्सीनेशन ही हुए है जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने अगले सप्ताह में भी 1 लाख का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैलाना-बाजना की प्रोग्रेस सबसे कम है। यह ठीक तरह प्लानिंग नहीं होने का परिणाम है। जिस क्षेत्र में जनपद सीईओ ने बेहतर मोबिलाइजेशन किया है, वहां अच्छी प्रगति हुई है। उन्होंने सैलाना एसडीएम एवं सैलाना तथा बाजना के जनपद सीईओ को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को इस बारे में सख्त निर्देश दें, सेकंड डोज से वंचित लोगों की सूची बनाएं, फिर उसकी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने पिपलोदा क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्य के लिए अमले की प्रशंसा की।
बैठक में अपर कलेक्टर एम.एल.आर्य, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिड़े एवं समस्त जिलाधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम ने सैलाना- बाजना क्षेत्र में राशन आपके द्वार योजना के संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि वे प्रस्तावित क्लस्टर के माध्यम से चयनित ग्रामों में राशन पहुंचाए जाने संबंधी व्यवस्था को आसान बनाएं ताकि सभी पात्र व्यक्तियों तक राशन पहुंचाया जा सके।
उर्वरक वितरण ठीक तरह सुनिश्चित करें
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में उर्वरक की स्थिति को लेकर किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए कि उक्त व्यवस्था पर पूर्ण नजऱ रखें। अब उर्वरक की मांग बढ़ेगी, जहां पर उर्वरक की आवश्यकता है वहां पर तुरंत बताएं। जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। खाद वितरण व्यवस्था को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां खाद प्राप्त करने वाले अधिक व्यक्ति उपस्थित हो वहां यह सुनिश्चित करें कि लाइनें न लगे। टोकन सिस्टम लागू करें ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
कलेक्टर पुरुषोत्तम ने बैठक में सभी एसडीएम एवं सीईओ को लोन प्रकरणों में गति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में लक्ष्य पूर्ति के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्हें शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा उसकी निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

