• Tue. Nov 3rd, 2026

गोल्ड कॉम्प्लेक्स और जिला जेल रि-डेंसीफिकेशन योजना के प्रस्ताव होंगे एक सप्ताह में तैयार, कलेक्टोरेट में विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में चर्चा हुई

BySurendra Jain

Oct 24, 2021

खबर पक्की, 24 अक्टूबर, रतलाम। गोल्ड कॉम्प्लेक्स और जिला जेल की रीडेंसिफिकेशन योजना के तहत रतलाम में होने वाले विकास एवं विस्तार कार्यों पर विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में चर्चा की गई। इसमें हाउसिंग बोर्ड द्वारा दोनों योजनाओं के तहत होने वाले कार्यों के प्रस्ताव अगले सप्ताह तैयार करने की जानकारी दी गई। बैठक में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, हाउसिंग बोर्ड इंदौर वृत के उपायुक्त एवं जेल के प्रदेश नोडल अधिकारी यशवंत दोहरे, उज्जैन वृत के उपायुक्त प्रबुद्ध पाराते, कार्यपालन यंत्री निर्मल गुप्ता, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया, एसडीएम अभिषेक गहलोत तहसीलदार गोपाल सोनी आदि उपस्थित रहे।
बैठक में रि-डेंसीफिकेशन योजना के तहत जिला जेल को शहर के बाहर शिफ्ट करने तथा उसके स्थान पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने के साथ-साथ प्राप्त होने वाली राशि से विभिन्न नवनिर्माण करने की योजना पर चर्चा हुई। इसी प्रकार गोल्ड कॉम्प्लेक्स से प्राप्त होने वाली राशि से किए जाने वाले निर्माण कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। दोनों योजनाओ के तहत प्रमुख रुप से जिला चिकित्सालय का 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक भवन बनाने की योजना बताई गई। इसके साथ ही 1000 सीट का ऑडिटोरियम एवं स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया।
बैठक में माणकचौक स्कूल को अन्यत्र स्थानान्तरित कर अत्याधुनिक सुविधाओं वाला स्कूल बनाने पर बल दिया गया। माणकचौक स्थित उसकी जगह पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने और सार्वजनिक उपयोग हेतु मध्यम व छोटे दुकानदारों का स्थान सम्मिलित करते हुए कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने पर सहमति दी गई। बैठक में रि-डेंसीफिकेशन योजना की राशि से बनने वाले अन्य शासकीय भवनों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने हेतु भी चर्चा की गई। हाउसिंग बोर्ड के उपायुक्त श्री दोहरे ने कहाकि अगले हफ्ते प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि इन कार्यों को जल्द ही गति मिल सके।

You missed

error: Content is protected !!