• Sat. Oct 31st, 2026

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का विधायक काश्यप को पत्र, आशा है की रतलाम शीघ्र ही हवाई मार्ग से जुड़ेगा

BySurendra Jain

Aug 1, 2021

खबर पक्की, 1 अगस्त, रतलाम। मुझे ज्ञात है कि रतलाम रेलवे का एक बड़ा जंक्शन है। दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे भी रतलाम के नजदीक से गुजर रहा है। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम भी रतलाम में औद्योगिक क्षेत्र का विकास कर रहा है। इन सभी को ध्यान में रखते हुए रतलाम में घरेलू विमान सेवा परिचालन हेतु पर्याप्त कारण मौजूद है। मुझे आशा है कि रतलाम शीघ्र हवाई मार्ग से जुड़ेगा।
इन शब्दों के साथ देश के नागर विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शहर विधायक चेतन्य काश्यप को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने रतलाम में हवाई सेवा शुरू करने हेतु श्री काश्यप द्वारा किए गए अनुरोध को एयर लाइंस के साथ साझा करने की जानकारी भी दी। श्री सिंधिया ने पत्र में अपने मंत्रालय के अधिकारियों को एयर लाइंस से वार्ता करने के निर्देश देने की जानकारी भी दी है।
विधायक श्री काश्यप ने बताया कि 16 जुलाई को उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया से मुलाकात कर उन्हें रतलाम एयर स्ट्रीप को क्षेत्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का पत्र सौंपा था। इसमें बताया गया था कि सैलाना रोड़ स्थित बंजली हवाई पट्टी को एयर पोर्ट के रूप में विकसित किया जा सकता है। एयर पोर्ट अर्थारिटी इन्दौर के दल द्वारा इस हेतु सर्वे भी किया गया है। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने उन्हें आश्वस्त किया था कि रतलाम से उन्हें विशेष लगाव है वे व्यक्तिगत रूचि लेकर इस कार्य को आगे बढ़ाएंगे।

You missed

error: Content is protected !!