रतलाम। शहर के आभूषण बाजार चांदनी चौक के प्रसिद्ध व्यवसायी जयंतीलाल मेहता का सोमवार रात करीब 9.30 बजे निधन हो गया। जयंतीलाल मेहता शाम करीब 7 बजे रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरकर घायल हो गए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जयंतीलाल मेहता अपने परिवार के एक सदस्य के साथ अवंतिका एक्सप्रेस से मुंबई जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन चलने के दौरान उन्होंने कोच में चढ़ने की कोशिश की और हेंडल से हाथ फिसलने पर नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। स्व. मेहता की चांदनीचौक में चेंबर ऑफ कामर्स के सामने जयंतीलाल शांतिलाल मेहता ज्वेलर्स नाम से फर्म है। वे सरस्वती शिशु मंदिर की पूर्व कार्यकारिणी के सदस्य थे साथ ही कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े रहे। स्व. मेहता के परिवार में बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी और इसी सिलसिले में वे मुंबई जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे।
