• Fri. Jul 31st, 2026

इंदौर, उज्जैन एवं अन्य स्थानों से रतलाम आने-जाने वाले व्यक्तियों के रेंडम सैंपल लेकर जांच करवाएं, कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

BySurendra Jain

Sep 14, 2020

खबर पक्की, 14 सितंबर, रतलाम। समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को संपन्न हुई। कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंदौर, उज्जैन तथा अन्य स्थानों से रतलाम नियमित रूप से आने-जाने वाले व्यक्तियों के रूटीन में रेंडम सैंपल लेकर जांच करवाएं। शहरी क्षेत्र में फीवर क्लीनिक पर आने वाले शत-प्रतिशत व्यक्तियों के सैंपल लिए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीएम को दिए गए लक्ष्य अनुसार सैंपल लिए जाना है। जिले के सीमाओं पर बनाई गई चेक पोस्ट पर रेगुलर सैंपल लिए जाते रहे। बैठक में कई अधिकारियों के मास्क नाक से नीचे आने पर कलेक्टर द्वारा तत्काल सही तरीके से मास्क पहनने की ताकीद की गई। साथ ही चेतावनी भी दी कि मास्क सही तरीके से नहीं पहनने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी स्वत: संज्ञान लेते हुए लोगों की समस्या का निराकरण करें
कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि आप अधिकारी हैं, इसका मतलब यह नहीं कि जो आपके पास आए सिर्फ उसी की समस्या का निराकरण हो बल्कि आपका फर्ज है कि आप अपने क्षेत्र से संबंधित आमजन की समस्याओं का आगे बढ़कर स्वत: संज्ञान लेते हुए निराकरण करें।
कृषि विभाग आपकी शिकायतें क्यों बढ़ रही है
कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन में आमजन के आवेदनों, शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग के अधिकारी से कहा कि आपकी शिकायतें क्यों बढ़ रही है, आपकी 200 शिकायतें हो गई हैं। कृषि विभाग के साथ ही अन्य सभी विभागों के अधिकारियों को कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 100 दिवस से लंबित सभी शिकायतें आगामी 6 दिवस में निराकृत कर दी जाएं।
तहसीलदार संतुष्टिपूर्वक शिकायतों का निराकरण करें
बैठक में कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का निराकरण ऐसा हो कि आवेदक निराकरण से संतुष्ट हो। अपने पटवारियों से फील्ड में काम करवाएं, आमजन के प्रति पटवारी का रवैया अच्छा होना चाहिए। पटवारी अपने काम में लापरवाही नहीं करें, किसी भी मसले पर एसडीएम पटवारी से बात करें। पटवारी लापरवाही करें तो उसका इंक्रीमेंट रोका जाए।
जब तक अधिकारी नहीं आए, पिछड़ा वर्ग विभाग के ओआईसी सहायक आयुक्त रहेंगे
सीएम हेल्पलाइन में समीक्षा के दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि जब तक जिले में विभाग के लिए कोई जिला अधिकारी की नियुक्ति नहीं होती है तब तक सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग आर.एस. परिहार पिछड़ा वर्ग विभाग के ओआईसी रहेंगे।
फसल कटाई प्रयोग समय सीमा में कर लिए जाए
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार जिले में फसल कटाई प्रयोग समय सीमा में कर लिए जाएं। उपस्थित एसएलआर ने बताया कि फसल कटाई प्रयोगों के लिए रेंडम नंबर जारी कर दिए गए हैं, जिले में सोयाबीन तथा मक्का के फसल कटाई प्रयोग किए जाना है।
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों के सर्वेक्षण की जानकारी ली
कलेक्टर द्वारा बैठक में विगत दिनों जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों तथा क्षतिग्रस्त मकानों की जानकारी ली गई। राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए की शत-प्रतिशत सर्वेक्षण की जानकारी जिला स्तर पर तत्काल उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रभावित व्यक्तियों को आरबीसी 6-4 में राहत वितरण करें।
‘एक जिला एक पहचानÓ अभियान में रतलाम की विशेषता भेजेंगे
राज्य शासन द्वारा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में राज्य के प्रत्येक जिले की विशेषता वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए ‘एक जिला एक पहचानÓ अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस संबंध में बैठक में कलेक्टर ने चर्चा करते हुए तय किया कि रतलाम जिले की तीन विशेषताएं लहसुन, नमकीन तथा गोल्ड को चुनते हुए उक्त जानकारी भोपाल भेजी जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!