रतलाम। राज्य शासन के प्रमुख सचिव उद्योग एवं स्वास्थ्य संजय शुक्ला गुरुवार को रतलाम आए। शुक्ला ने इस दौरान रतलाम के पूर्व अल्कोहल प्लांट की खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि पर औद्योगिक विकास के संदर्भ में उपस्थित कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री अमरसिंह मोरे तथा महाप्रबंधक एकेवीएन यू.के. तिवारी से चर्चा करते हुए भूमि पर औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अल्कोहल प्लांट की खाली पड़ी भूमि लगभग 30 हेक्टेयर में है। भूमि का उपयोग विभिन्न औद्योगिक प्रयोजन हेतु किए जाने के लिए प्रमुख सचिव ने एकेवीएन के महाप्रबंधक श्री तिवारी को निर्देश दिए कि भूमि की नए सिरे से मैपिंग की जाए, प्लाटिंग करते हुए अधोसंरचना विकास किया जाए। महाप्रबंधक उद्योग को निर्देश दिए कि स्थानीय तथा अन्य उद्योगपतियों से चर्चा करें। उद्योगपति भूमि विकास में क्या चाहते हैं, उनके सुझाव प्राप्त किए जाएं। योजना बनाकर शासन को दी जाए। शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय लिया जाकर औद्योगिक विकास को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने कील कोरोना सर्वेक्षण कार्य का जायजा लिया
रतलाम आए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री संजय शुक्ला ने शहर के विरियाखेड़ी क्षेत्र में पहुंचकर किल कोरोना सर्वेक्षण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने विरियाखेड़ी में सर्वेक्षण कर रही टीम के सदस्यों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा कटारिया और आशा कार्यकर्ता संगीता लोहार से चर्चा की। उनके सर्वेक्षण के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने रहवासी नागरिकों से भी चर्चा की, उनको कोरोना से बचाव के संबंध में बताया।
क्षेत्र के नागरिक कन्हैयालाल खत्री और श्री मनोजराम रखेनी से चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए शासन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। अपने आसपास के व्यक्तियों को भी जागरूक करें। प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने सर्वेक्षण टीम के पास उपलब्ध डाटा का अवलोकन भी किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अल्कोहल प्लांट की खाली पड़ी भूमि के औद्योगिक विकास के लिए निरीक्षण किया
