• Mon. Sep 21st, 2026

दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का होगा कोविड-19 टेस्‍ट, बुखार और गले में खराश की शिकायत

BySurendra Jain

Jun 8, 2020

नई दिल्‍ली। दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तबीयत खराब हो गई है। सीएम केजरीवाल रविवार से बुखार और गले में खराश की शिकायत बता रहे हैं। कोरोना के लक्षण जैसी शिकायत के कारण अब उनको कोरोना टेस्ट करवाना होगा। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को केजरीवाल का कोरोना टेस्‍ट होगा। इधर एहतियात के कारण सीएम की कल दोपहर से सारी मीटिंग कैंसिल कर दी गई है। वहीं, सीएम केजरीवाल ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
दिखे शुरुआती लक्षण
बता दें कि कोरोना के लक्षण में बुखार आना और गले में खराश की शिकायत सबसे पहले लक्षणों में एक है। यही लक्षण केजरीवाल में अभी फिलहाल शुरुआती तौर पर दिख रहे हैं। हालांकि, बीमारी के लक्षण के बाद खुद उन्‍होंने अपने को आइसोलेट कर लिया है। अब कोरोना टेस्‍ट के बाद ही पता चल पाएगा कि यह सामान्‍य बुखार है या कोरोना से जुड़ा है। फिलहाल डॉक्‍टरों की एक टीम उनके स्‍वास्‍थ्‍य का ख्‍याल रख रही है।
अहम बैठक में विस्‍तार से होगी चर्चा
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मंगलवार को एक महत्‍वपूर्ण बैठक करने जा रहा है जिसमें वह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि क्‍या दिल्‍ली में कोरोना महामारी सामुदायिक फैलाव तो नहीं शुरू हो गया है। अगर इस बाबत मीटिंग होती है तो इसमें एलजी, सीएम, मुख्‍य सचिव और पुलिस कमिश्‍नर संग कई अहम लोग होंगे।
जल्‍द लौटेंगे काम पर
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री को कल से थोड़ा बुखार और गले में दर्द है। कल दोपहर से उन्होंने अपने आपको आइसोलेट कर रखा है। डॉक्टर ने सलाह दी है कि कल उनका कोरोना टेस्ट होगा।हम सब ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे सकुशल रहें और जल्दी से स्वस्थ होकर वापस काम पर लौटेंं।
संजय सिंह ने कहा जल्‍द होंगे ठीक
इधर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल की तबीयत पर कहा कि उन्‍हें सात जून से कुछ परेशानी हो रही है। डॉक्‍टरों की सलाह पर वे खुद को घर में ही आइसोलेट कर लिए हैं। प्रभु जल्‍द-से-जल्‍द उन्‍हें स्‍वस्‍थ करे, यह प्रार्थना है मेरी।

error: Content is protected !!