• Sun. Sep 20th, 2026

मध्यप्रदेश ने लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ाया / शिवराज ने कहा- प्रदेश में स्कूल-कॉलेज खुलेंगे, लेकिन इस पर आखिरी फैसला 13 जून के बाद होगा

BySurendra Jain

May 30, 2020

भोपाल। मध्यप्रदेश में लॉकडाउन 15 जून तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्कूल-कॉलेज खुलेंगे, लेकिन इस पर आखिरी फैसला 13 जून के बाद ही लिया जाएगा। कोरोना के खतरे के मद्देनजर लॉकडाउन 15 दिन के लिए बढ़ाया जा रहा है।
मध्यप्रदेश सरकार ने यह फैसला ऐसे समय लिया है, जब राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7891 पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 246 नए केस मिले हैं। राज्य में अब तक कोरोना की वजह से 343 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 4444 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में अब 3104 केस एक्टिव केस हैं।
खेल गतिविधियां 1 जून से शुरू होंगी
राज्य में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा और बड़वानी को छोड़कर बाकी सभी जिले ग्रीन जोन में हैं और सभी जगह शर्तों के साथ बाजार खोल दिए गए हैं। प्रदेश में खेल गतिविधियां भी 1 जून से शुरू हो रही हैं।
उधर, राज्य में सागर जिला नया हॉट स्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को 24 नए केस मिले हैं। इनमें 16 सदर, 4 मढिय़ा वि_ल नगर के अलावा मकरोनिया, मोतीनगर, सिविल लाइन और सूबेदार वार्ड में एक-एक पॉजिटिव मिले। इसके साथ शहर में अब तक 165 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 92 सदर से हैं। जिले में 8 मौतें हो चुकी हैं।
जेल बंदियों से 30 जून तक नहीं हो पाएगी मुलाकात
मध्य प्रदेश में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए जेल बंदियों के मुलाकात पर फिलहाल प्रतिबंध जारी रहेगा। शनिवार को जेल मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि 30 जून तक जेल बंदियों से उनके परिजन और संबंधी मुलाकात नहीं कर पाएंगे। जेल प्रशासन ने कहा कि ये निर्णय बंदियों और उनके परिवार के स्वास्थ को देखते हुए लिया गया है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कमलनाथ का ट्वीट : शराब की दुकानें खोलीं तो धार्मिक स्थल भी खोलो
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश सरकार से 1 जून से सभी धार्मिक स्थल खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर मध्यप्रदेश में लॉकडाउन में भी शराब की दुकानें खोली जा सकती हैं तो आमजन की आस्था के केन्द्र धार्मिक स्थल अभी तक बंद क्यों?

error: Content is protected !!