रतलाम। जिले के प्रभारी सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में विभिन्न शासकीय विभागों की प्रगति से अवगत होते हुए कार्य समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
प्रभारी सचिव ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक आलोक जैन से जिले में संचालित कस्टम हायरिंग केंद्रों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बताया गया कि जिले के सैलाना, जावरा तथा आलोट कस्टम हायरिंग केंद्रों पर ट्रैक्टर खराब है, इसके लिए प्रभारी सचिव ने तत्काल ट्रैक्टर सुधारने के निर्देश महाप्रबंधक को दिए। लोक निर्माण विभाग की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने कार्यपालन यंत्री गुप्ता को निर्देश दिए कि जिले में विभाग के पास छोटे-छोटे कार्य हैं, इनको पूर्ण करने में ज्यादा समय नहीं लिया जाए, अनावश्यक देरी नहीं बरतें।
कृषि तथा उद्यानिकी विभागों की समीक्षा के दौरान प्याज कृषकों को कृषक समृद्धि योजना के तहत भावंतर लाभ की जानकारी प्रभारी सचिव द्वारा प्राप्त की गई। बताया गया कि वर्ष 2018-19 की कुछ राशि अभी तक शासन से प्राप्त नहीं है, इस संबंध में प्रभारी सचिव द्वारा भोपाल चर्चा की गई। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग की पीआईयू यूनिट द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा में विभाग को बजट उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की गई। विभाग को प्राप्त होने वाली लगभग 3 करोड रूपए की राशि के संबंध में भी प्रभारी सचिव द्वारा भोपाल चर्चा की गई। सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग से वनाधिकार अधिनियम के तहत जारी कार्रवाई की जानकारी प्रभारी सचिव द्वारा प्राप्त की गई।
प्रभारी सचिव विभागीय प्रगति से अवगत हुए बैठक में की समीक्षा
