मंदसौर। मंदसौर सुवासरा रोड पर ग्राम धामनिया के पास रविवार को सुबह हुई दर्दनाक दुर्घटना में ट्रक व कार की टक्कर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। कार सवार चित्तौड़ जिले के भूपालसागर से बारात में चौमहला आए थे। ये सभी वापस लौट रहे थे। हादसे में दूल्हे की दादी, काका की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह घना कोहरा(Accident in Fog) होने की वजह से और वाहनों के तेज रफ्तार में होने के कारण यह हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह लगभग सात बजे जब बारात लौट रही थी तभी ग्राम धामनिया के पास सामने से आ रहे ट्रक व कार में टक्कर हो गई।
दुर्घटना में चंपाबाई पति इंदरमल मीणा (70), गणपत मीणा पिता इंदरमल मीणा (45), गजेंद्र मीणा पिता बालुजी मीणा (45) सभी निवासी गंगारामजी का खेड़ा, भूपालसागर, जिला चित्तोड़(राजस्थान) की मौत हो गई। मृतक दूल्हे की दादी व काका है। मृतकों के शव निकालने में भी खासी मशक्कत करना पड़ी। सुवासरा अस्पताल के डॉ. स्नेहिल जैन ने बताया कि मेरे जीवन में इतने सारे फ्रैक्चर एक साथ नहीं देखे। ड्राइवर गजेंद्र के शरीर में बहुत सारे फ्रैक्चर मिले हैं। गजेंद्र को सीट बेल्ट काटकर काफी जद्दोजहद से निकाला गया है। घटना के बाद शादी की खुशिया मातम में बदल गईं। दुर्घटना के बाद परिजनों को सूचना कर दी गई थी और शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।
मंदसौर में कोहरे की वजह से कार और ट्रक की टक्कर, तीन की मौत
