ख़बर पक्की: नई दिल्ली 9 नवंबर,सुप्रीम कोर्ट राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील अयोध्या विवाद मामले में आज शनिवार को फैसला सुनायेगा।चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई , जस्टिस एस ए बोबडे, जस्टिस धनन्जय वाई चन्द्रचूड़ , जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस एस अब्दुल नजीर की 5 सदस्यीय बेंच आज शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे यह फैसला सुनाएगी। बेंच ने 16 अक्ट्रबर को इस मामले की सुनवाई पूरी की थी। पीठ ने छह अगस्त से लगातार 40 दिन इस मामले में सुनवाई की थी।
अयोध्या विवाद के फैसले के मद्देनज़र शुक्रवार को अयोध्या में सुरक्षा और कड़ी हो गई। राम जन्मभूमि मंदिर की तरफ जाने वाले सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। अब वहां से सिर्फ़ पैदल गुज़रा जा सकेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर जिले में एक कंट्रोल रूम बनाने और लखनऊ और अयोध्या में दो हेलीकॉप्टर तैयार रखने के आदेश दिए हैं। पूरे यूपी में पुलिस दंगों से निपटने के लिए रिहर्सल कर रही है। टेंपरेरी जेलें बना दी गई हैं। वहां जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार लोगों को रखा जा सकेगा।
अयोध्या में नाकेबंदी और सख़्त हो गई है। राम जन्मभूमि मंदिर जाने वाले सारे रास्ते आज गाड़ियों के लिए सील कर दिए गए। झगड़े वाली जगह के चारों तरफ 67 एकड़ जमीन पहले से केन्द्र सरकार के कब्ज़े और सेंट्रल फोर्सस की निगरानी में हैं। अब उसकी तरफ जाने वाले रास्तों को गाड़ियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके साथ पूरे अयोध्या में पुलिस जनता के बीच जाकर उन्हें समझाने और हिफ़ाज़त का भरोसा दिलाने की कोशिश कर रही है। फैसले के मद्देनजर पूरे देश को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लगभग हर राज्य ने स्कूल कालेज की आज छुट्टी घोषित कर दी है। आज इस विवादित मामले का फैसला आने के बाद राम मंदिर मुद्दा हमेशा के लिये खत्म हो जायेगा और मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जायेगा। फैसले की इस घड़ी में पूरे देश के लोगो के लिये परीक्षा की घड़ी है की अनेकता में एकता हिन्द की विशेषता के नारे पर वह कितना खरा उतरते है और दुनिया मे साम्प्रदायिक सद्भभाव की मिसाल किस तरह पेश करते है फैसला चाहे जो हो ये देश जीतना चाहिये।
