• Mon. Aug 17th, 2026

मुंबई में भारी बारिश का कहर, बदलापुर-वानगनी के बीच महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे 2 हजार यात्री

BySurendra Jain

Jul 27, 2019

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पानी-पानी हो गई है। यहां जारी आफत की बारिश ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश के चलते मुंबई की रफ्तार थम गई है। यहां 24 घंटों में लगभग 8 इंच बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में भी लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलेगी। भारी बारिश के चलते महालक्ष्मी एक्सप्रेस को रास्ते में रोका गया है। यहां 2 हजार यात्री बारिश में फंसे हैं।
अब तक सामने आ रही जानकारी के मुताबिक मौके पर NDRF की टीम पहुंच गई है। वहीं हैलीकॉप्टर की मदद से यात्रियों के रेस्क्यू की कोशिश की जा रही है।
यहां अगले 24 घंटों में एक बार फिर भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। बारिश के चलते सड़क, रेल और हवाई मार्ग जमकर प्रभावित हुआ है।
बारिश के चलते फ्लाइट्स कैंसल
भारी बारिश के चलते मुंबई की हालत बेहद खराब हो गई है। रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, इस वजह से कई रुट पर लोकल ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ है। सड़के जलमग्न हो गई हैं। इस बीच तेज बारिश की वजह से अब तक 7 फ्लाइट्स को कैंसल कर दिया गया है। वहीं मुंबई आने वाले 10 फ्लाइट्स का रुट डायवर्ट किया जा चुका है। वहीं इंटरनेशनल एयरपोर्ट पीआरओ के आधिकारिक बयान के मुताबिक फिलहाल एयरपोर्ट की गतिविधियां सामान्य तरीके से सुचारू हैं।
पान-पानी हुई आर्थिक राजधानी

मुंबई में पिछले दिनों से जारी बारिश ने यहां की रफ्तार को पूरी तरह से थाम दिया है। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है। गाड़ियां पानी में फंस गई हैं। मौसम विभाग ने महानगर के कई इलाकों में आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। चेंबुर सहित अन्य इलाके जलमग्न हो गए हैं। सिओन और गांधीनगर मार्केट के इलाकों में भी खूब पानी भर गया है।
बारिश के चलते फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस
मुंबई में जारी बारिश के चलते बदलापुर और वानगनी के बीच महालक्ष्मी एक्सप्रेस को रोक दिया गया है। ट्रेन में 2 हजार से ज्यादा यात्री मौजूद हैं। सेंट्रल रेलवे डीआरएम के मुताबिक मौके पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस पहुंच चुकी है। फंसे यात्रियों को बिस्कुट और पानी उपलब्ध कराया गया है। NDRF की टीम भी जल्द ही मौके पर पहुंचने वाली है।

You missed

error: Content is protected !!