• Fri. Aug 14th, 2026

हत्या के आरोप में सऊदी में दो भारतीयों के सिर किए गए कलम, विदेश मंत्रालय ने अब की पुष्टि

BySurendra Jain

Apr 17, 2019

रियाद। साथी भारतीय की हत्या के जुर्म में सऊदी में दो भारतीयों को मौत की सजा दी गई है। पंजाब के सतविंदर कुमार और हरजीत सिंह को एक भारतीय नागरिक की हत्या के जुर्म में 28 फरवरी को सऊदी अरब में सिर कलम कर दिया गया था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने अब जाकर इस मामले की पुष्टि की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। सऊदी अरब के नियमों के मुताबिक, मौत की सजा पाए लोगों के शव उनके परिजनों को नहीं सौंपे जाते।

बताते चलें कि होशियारपुर निवासी सतविंदर सिंह और लुधियाना के हरजीत सिंह पर अपने साथी आरिफ इमामुद्दीन की हत्या का आरोप था। उन्हें 9 दिसंबर 2015 को हुई वारदात के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। हरजीत, सतविंदर और इमामुद्दीन, तीनों दोस्त थे और लूटमार करते थे। हालांकि, बाद में लूट के पैसे के बंटवारे को लेकर उनमें विवाद हुआ, जिसमें सतविंदर और हरजीत ने इमामुद्दीन की हत्या कर दी।

कुछ दिनों बाद हरजीत, सतविंदर को शराब पीकर हुड़दंग मचाने के मामले में पकड़ा गया। सऊदी सरकार उन्हें भारत वापस भेजने की तैयारी कर रही थी, तभी पता चला कि दोनों ने इमामुद्दीन की हत्या की थी और जांच के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया था।

मंत्रालय ने बताया कि हरजीत और सतविंदर 2013 में वर्क परमिट पर सऊदी अरब गए थे। वहीं, उनकी मुलाकात इमामुद्दीन से हुई और फिर तीनों मिलकर लूट करने लगे। इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है कि वे अपराध कब से कर रहे थे।

भारतीय दूतावास को मामले की जानकारी तब हुई जब हरजीत की पत्नी सीमा रानी ने एक याचिका दायर की। इस पर विदेश मंत्रालय ने मामले की जानकारी की, तो पता चला कि सतविंदर और हरजीत ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था। उनकी सुनवाई के दौरान 31 मई 2017 को एक भारतीय अधिकारी भी मौजूद था। उस समय उनका केस अपील्स कोर्ट को ट्रांसफर कर दिया गया था।

इसके साथ ही उस मामले में हिराबा (हाईवे पर लूटमार करना) की धारा भी जोड़ी गई थी। इस अपराध के लिए भी सऊदी में फांसी की सजा का प्रावधान है। मगर, 28 फरवरी को मौत की सजा के तहत उनके सिर कलम किए जाने की सूचना दूतावास को नहीं दी गई। इसके चलते दोनों की मौत के बारे में काफी देर से पता चला।

You missed

error: Content is protected !!