खबर पक्की, 22 अक्टूबर, रतलाम। घर का आंगन, पास में बंधी गाय और खेलती हुई तीन साल की मासूम। किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद पलों में यह आंगन एक परिवार की जिंदगी का सबसे दर्दनाक मंजर बन जाएगा। रतलाम के पलसोड़ी गांव में गुरुवार शाम एक बाहरी कुत्ते ने आंगन में खेल रही तीन साल की बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। गंभीर चोटों के कारण मासूम की मौत हो गई। घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेत पर थे, जबकि माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर गए हुए हैं।
खेलते समय आंगन में घुसा कुत्ता, बच्ची पर किया हमला
घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की है। मनीषा पिता राजू भाभर घर के आंगन में खेल रही थी। आंगन में एक गाय भी बंधी हुई थी। इसी दौरान एक बाहरी कुत्ता आंगन में घुस आया और बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। उसने आंगन में बंधी गाय पर भी हमला किया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचीं और कुत्ते को भगाया। इसके बाद घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
बच्ची की बड़ी मां मुन्ना बाई और पड़ोसी राजू भाभर शाम करीब 5.45 बजे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मनीषा की मौत हो चुकी थी।
शाम करीब 7 बजे बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पोस्टमॉर्टम शुक्रवार सुबह किए जाने की जानकारी दी गई।
अजमेर में मजदूरी कर रहे माता-पिता
पड़ोसी राजू भाभर के मुताबिक, मनीषा अपने दादा शंभु भाभर और दादी सागू बाई के साथ गांव में रह रही थी। उसके माता-पिता करीब एक महीने पहले मजदूरी करने के लिए अजमेर गए थे। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। उनके शुक्रवार सुबह तक गांव पहुंचने की संभावना है।
