• Fri. Sep 4th, 2026

सैलाना में एक सप्ताह में शुरू हो नवीन अस्पताल भवन का निर्माण : कलेक्टर कटेसरिया, 10 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन, सितंबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा

BySurendra Jain

Sep 4, 2026

खबर पक्की, 4 सितंबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को सैलाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आमजन और विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
एक सप्ताह में शुरू हो निर्माण कार्य
कलेक्टर कटेसरिया ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना के नवीन भवन के लिए वर्ष 2024 में करीब 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। आवश्यक निर्णय एवं क्लीयरेंस नहीं होने के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक क्लीयरेंस की प्रक्रिया इसी सप्ताह पूरी कराई जाए, ताकि एक सप्ताह के भीतर नवीन भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।
उन्होंने पुराने भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने तथा पीआईयू के माध्यम से नवीन भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन करीब 300 से 400 मरीजों की ओपीडी रहती है। वर्तमान में मरीजों का उपचार पुराने एवं जर्जर भवन में किया जा रहा है। ऐसे में मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नवीन भवन का निर्माण जल्द शुरू करना आवश्यक है।
सितंबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अब रेडक्रॉस के माध्यम से अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन किया जाएगा। उन्होंने सितंबर माह में ही यह सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़े।
पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का होगा बेहतर उपयोग
इसके बाद कलेक्टर कटेसरिया ने पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भवन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नया सांदीपनि विद्यालय आगामी दो-तीन माह में प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में पुराने भवन का भी सदुपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने आसपास के ऐसे शासकीय विद्यालय, जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, उनकी कक्षाएं पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में संचालित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा।
दो विद्यालयों को मिलाकर बनाया जा सकता है मिनी सांदीपनि विद्यालय
कलेक्टर ने कहा कि आसपास के एक या दो विद्यालयों को पुराने भवन में स्थानांतरित कर कक्षाएं संचालित की जा सकती हैं। आवश्यकता के अनुसार दो विद्यालयों को एक साथ संचालित कर इसे मिनी सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भवन में पर्याप्त स्थान और ग्राउंड उपलब्ध है तथा जनपद पंचायत भवन के समीप होने के कारण यह विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त स्थान है। भवन का उपयोग नहीं होने पर इसके असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने की आशंका रहेगी। इसलिए इसका उपयोग विद्यार्थियों की शिक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाना आवश्यक है।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि आसपास के अधिक विद्यार्थी संख्या वाले विद्यालयों का चिन्हांकन कर पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में कक्षाएं संचालित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। भीलों की खेड़ी सहित आसपास के अन्य विद्यालयों को भी इस व्यवस्था में शामिल करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

You missed

error: Content is protected !!