• Sun. Oct 11th, 2026

एमडी बनाने वाला 110 किलो केमिकल जब्त : एनसीबी की सूचना पर ट्रांसपोर्ट से ड्रम पकड़े, राजस्थान से इंदौर होकर पहुंचा था केमिकल

BySurendra Jain

Aug 26, 2026

खबर पक्की, 26 अगस्त, रतलाम। जिले के आलोट में पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल से भरे दो नीले ड्रम जब्त किए हैं। दोनों ड्रम इंदौर के श्याम ट्रांसपोर्ट के जरिए आलोट के श्री श्याम ट्रांसपोर्ट कार्यालय पहुंचे थे। ड्रम में कुल 110 किलो ब्रोमो मिथाइलप्रोपियोफेनोन केमिकल मिला है। पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल किसने बुक कराया था और इसे किसके लिए भेजा गया था।
आलोट थाना पुलिस को 25 अगस्त की रात इंदौर एनसीबी से सूचना मिली थी कि इंदौर के श्याम ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आलोट में एमडी ड्रग्स तैयार करने के लिए केमिकल से भरे दो ड्रम भेजे गए हैं। सूचना मिलते ही मंगलवार रात पुलिस विक्रम क्लब मैदान के पास स्थित श्री श्याम ट्रांसपोर्ट कार्यालय पहुंची। तलाशी के दौरान वहां दो नीले ड्रम मिले।
जांच में एमडी बनाने वाला केमिकल मिला
पुलिस ने दोनों ड्रमों को कब्जे में लेकर जांच की। जांच में इनमें ब्रोमो मिथाइलप्रोपियोफेनोन केमिकल पाया गया, जिसका इस्तेमाल एमडी ड्रग्स बनाने में किया जाता है। तौल करने पर दोनों ड्रमों में कुल 110 किलो केमिकल मिला। कार्रवाई में इंदौर एनसीबी की टीम भी शामिल रही। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह केमिकल राजस्थान से इंदौर पहुंचा था। इसके बाद इंदौर से ट्रांसपोर्ट के जरिए इसे आलोट भेजा गया। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि केमिकल इंदौर में किसने बुक कराया था, आलोट में किसे भेजा गया और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था। पुलिस और एनसीबी यह भी पता लगा रही है कि कहीं आलोट या आसपास के क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बनाने का कोई ठिकाना तो नहीं है।
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि इंदौर से ट्रांसपोर्ट के जरिए आलोट में दो ड्रम केमिकल आया था। एनसीबी के साथ संयुक्त कार्रवाई कर इसे जब्त किया गया है। इंदौर में इसे किसने बुक कराया और किसके लिए भेजा गया था, इसकी जांच की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!