खबर पक्की, 26 अगस्त, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मेगा इंडस्ट्रियल पार्क का भ्रमण कर जापान और चीन की आधुनिक रोबोटिक मशीनों का जायजा लिया। उन्होंने इन मशीनों की कार्यप्रणाली एवं उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। आधुनिक रोबोटिक तकनीक से विभिन्न फिटिंग एवं औद्योगिक कार्यों को अधिक दक्षता और सटीकता से किया जा रहा है।
रतलाम जिले में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में विकसित किए जा रहे लगभग 1,466.679 हेक्टेयर क्षेत्रफल के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क/स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियों और अधोसंरचना विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। इस दौरान मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन उज्जैन के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ भी उपस्थित रहे।
रतलाम जिले के जामथून, बिबड़ौद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया एवं सरवानी खुर्द सहित 6 ग्रामों में विकसित किए जा रहे इस महत्वपूर्ण औद्योगिक निवेश क्षेत्र का उद्देश्य आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना तैयार कर बड़े निवेश को आकर्षित करना, नए उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करना है।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया ने औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फुजियामा सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की उत्पादन गतिविधियों तथा रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि इकाई में लगभग 80 प्रतिशत रोजगार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की इस पहल की कलेक्टर ने सराहना की और इसे औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय रोजगार सृजन का प्रेरक उदाहरण बताया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने रुहृछ्व त्रह्म्द्गद्गठ्ठ क्कश्वञ्ज के निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, प्रस्तावित उत्पादन गतिविधियों तथा इकाई के संचालन की तैयारियों के संबंध में कंपनी प्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के समयबद्ध विकास और आवश्यक अधोसंरचना की उपलब्धता पर भी चर्चा की।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम पलसोड़ी में विकसित किए जा रहे निवेश क्षेत्र का भी भ्रमण किया। यहां औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का स्थल पर जायजा लेते हुए उन्होंने कार्यों की प्रगति, सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं तथा उनके निराकरण की संभावनाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
औद्योगिक विकास को नई पहचान देगा मेगा इंडस्ट्रियल पार्क
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम जिले के औद्योगिक विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके विकसित होने से जिले में बड़े निवेश को आकर्षित करने, नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने और रोजगार के व्यापक अवसर सृजित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
कलेक्टर ने मेगा इंडस्ट्रियल पार्क में जापान-चीन की आधुनिक रोबोटिक मशीनों का लिया जायजा
