खबर पक्की, 23 अगस्त, रतलाम। शहर से करीब 11 किमी दूर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर रविवार दोपहर खेलते वक्त 4 बच्चे पानी में गिर गए। 2 शिक्षकों ने 3 बच्चों को बचा लिया, लेकिन चौथे को बचाने के चक्कर में गहराई में समा गए। डूबने से 2 शिक्षकों और एक छात्र की मौत हो गई।
मृतकों में जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक प्रिंस मोदी (22), विजय सिंह राठौर (42) और कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार (12) शामिल हैं। वहीं, खुशी (15), अन्वेष (15) और सिद्धि (16) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
17 विद्यार्थी स्कूल स्टाफ के साथ पिकनिक पर पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7वीं और 9वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह 10.30 बजे स्कूल स्टाफ के साथ बस से जावरा से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े बताए गए हैं।
विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोपहर करीब 2.30 से 3 बजे के बीच कुछ बच्चे पानी के पास खेल रहे थे।
इसी दौरान कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार और कक्षा 9वीं की छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15) का पैर फिसल गया। दोनों पानी में चले गए। बच्चों को पानी में डूबते देखकर टीचर प्रिंस मोदी और विजय सिंह मौके पर पहुंचे।
बचाव के दौरान खुशी को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में चले गए। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।
हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था।
मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन
हादसे के बाद तीनों शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। बाद में स्कूल बस से शवों को जावरा भेजा गया। हादसे में बचाई गई छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15) को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेडिकल कॉलेज में परिजन का आक्रोश
शिक्षक और छात्र की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में परिजन शाम को मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शाम 6 बजे तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। एक शिक्षक और छात्र के शव लेकर परिजन रतलाम से रवाना हो गए।
मेडिकल कॉलेज में स्कूल शिक्षक परवेज और एक अन्य शिक्षक भी मौजूद थे। छात्र के परिजनों ने बच्चों को पानी में ले जाने को लेकर शिक्षकों पर आक्रोश जताया। भीड़ से तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने शिक्षक को बाहर हटाया।
पानी में डूबने से गई तीनों की जान
मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर चंदन द्विवेदी ने बताया कि पानी में डूबने से छात्र समेत दो शिक्षकों की मौत हुई है। तीनों को अस्पताल लाने से पहले ही मृत अवस्था में लाया गया था। साथ आए लोगों के मुताबिक, शिक्षकों ने दो से तीन बच्चों को बचाया था।
पिकनिक स्पॉट पर 2 टीचर, छात्र की डूबने से मौत, पैराडाइज वैली में 4 बच्चे पानी में गिरे, बचाने उतरे शिक्षक भी डूबे; 3 स्टूडेंट बचे
