• Tue. Aug 11th, 2026

बड़े मॉल में बड़ी चोरी, विशाल मेगा मार्ट से 5.35 लाख रुपये गबन, असिस्टेंट स्टोर मैनेजर पर शक

BySurendra Jain

Aug 11, 2026

खबर पक्की, 11 अगस्त, रतलाम। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित विशाल मेगा मार्ट में एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। मार्ट के असिस्टेंट स्टोर मैनेजर पर कैश रूम की तिजोरी का ताला खोलकर 5,35,000 रुपये की नकदी चुराने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने स्टोर मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी कमलेश पखाले (स्टोर मैनेजर) ने बताया कि वे अप्रैल 2026 से विशाल मेगा मार्ट में कार्यरत हैं। गत 09 अगस्त को उनकी और असिस्टेंट स्टोर मैनेजर संतोष कुमार पाठक (निवासी दिल्ली, हाल मुकाम शास्त्री नगर, रतलाम) की ड्यूटी दोपहर 2 से मार्ट बंद होने तक थी।
रात को मार्ट में सामान से भरा एक ट्रक आया था, जिसे उतरवाने का जिम्मा संतोष कुमार पाठक और बीओएच इंचार्ज करण सिसोदिया को सौंपा गया था। रात करीब 1.30 बजे स्टोर मैनेजर कमलेश पखाले, कैश रूम की चाबी असिस्टेंट स्टोर मैनेजर संतोष कुमार पाठक को सौंपकर अपने घर चले गए थे। अगले दिन सोमवार 10 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे जब डिपार्टमेंट मैनेजर पंकज शेर ने कैश काउंटर पर जाकर तिजोरी खोली, तो उसमें रखे 5,35,000 रुपये गायब मिले। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना स्टोर मैनेजर को दी।
गायब मिली सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल बंद
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब स्टोर प्रबंधन ने मार्ट के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो पाया कि रात 2.30 से 3 बजे के बीच की रिकॉर्डिंग गायब थी। इसके बाद जब असिस्टेंट स्टोर मैनेजर संतोष कुमार पाठक से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। प्रबंधन ने जब उसके शास्त्री नगर स्थित किराए के कमरे पर जाकर देखा, तो वह वहां से भी नदारद पाया गया।
शिकायत के आधार पर थाना स्टेशन रोड पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट स्टोर मैनेजर संतोष कुमार पाठक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 316(5) (अमानत में खयानत) के तहत असल कायमी कर ली है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश और मामले की गहन जांच में जुट गई है।

error: Content is protected !!