खबर पक्की, 10 अगस्त, रतलाम। भारतीय जनता पार्टी की जिला कामकाजी बैठक रंगोली मे आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ अतिथियों द्वारा महापुरुषों एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
मंच पर संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधायक राजेंद्र पांडेय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेंद्र डागा, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल एवं महामंत्री महेश सोनी मंचासीन रहे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने बताया कि तिरंगा अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे महलवाड़ा चौराहा से विशाल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। यह रैली अलकापुरी स्थित भारत माता उद्यान पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ इसका समापन होगा।
जिला महामंत्री महेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 10 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और गुलामी के प्रतीकों को समाप्त करने के ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला टोली को विधानसभा वार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
14 अगस्त को मनाएंगे
विधायक राजेंद्र पांडेय ने कहा कि हम निरंतर देशसेवा के विचार के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के बारे में भी जनता को जागरूक करना आवश्यक है, ताकि देश को खंडित करने वाली ताकतों को रोका जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय भाव, तिरंगा यात्रा और संत रविदास जी से जुड़े सामाजिक समरसता के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने का आह्वान किया।
संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार प्रतिमाह मंडल बैठक, शक्ति केंद्र बैठक, मन की बात और जिला बैठकों के नियमित आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने बूथ प्रभारियों की मैपिंग और पार्टी गाइडलाइन के अनुसार व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को याद रखते हुए संस्कृति व बलिदानियों की गाथा आमजन तक पहुंचाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम में रतलाम जिले को पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान मिलने पर सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा संत रविदास जी की 650वीं जयंती के आगामी कार्यक्रमों को मंडल स्तर पर सफलतापूर्वक आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयवंत कोठारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष नीलेश गांधी ने किया।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता : संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, मन की बात में रतलाम को मिला प्रदेश में तीसरा स्थान : जिलाध्यक्ष उपाध्याय, भारतीय जनता पार्टी की जिला कामकाजी बैठक संपन्न
